प्रयागराज। पखवारे भर की कोशिशों केबाद बृहस्पतिवार को अमरेहा और मुंगारी टोल प्लाजा पर इलेक्ट्रानिक टोल कलेक्शन सेवा चालू कर दी गई। इसी के साथ निजी कंपनी आर्या ओमनीटॉक के अभियंताओं ने दोनों टोल प्लाजा को एनएचएआई को हस्तांतरित कर दिया। अफसरों ने ट्रायल भी कराया, लेकिन फास्टैग नदारद रहा। इन दोनों टोल बैरियरों के रूट पर अभी एक भी फास्टैग जारी नहीं किया जा सका है। इससे यहां बिना रुके यात्रा की शुरुआत कराने में देरी होने की आशंका है।
अमरेहा और मुंगारी टोल प्लाजा पर ईटीसी लगाए जाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों ने बृहस्पतिवार को बिना रुके यात्रा के लिए ट्रायल पूरा करा लिया। दोनों जगह इलेक्ट्रानिक टोल कलेक्शन सेवा शुरू कराने के लिए तैयारी पूरी करा ली गई, लेकिन इस रूट पर अभी विंडो न खुल पाने की वजह से एक भी वाहन के लिए फास्टैग जारी नहीं किया जा सका है। प्रयागराज बाईपास और लालानगर टोल प्लाजा के अलावा हर्रो समेत छह टोल बैरियरों पर फास्टैग का अभाव बना हुआ है। इन टोल बैरियरों से लोग फास्टैग के बिना लौट रहे हैं। जिले के सभी नौ टोल प्लाजा पर अभी तक फास्टैग वाले वाहनों की संख्या 50 फीसदी तक ही पहुंच सकी है। बिना फास्टैग वाले वाहन अलग से दी गई कैश टोल लेन से गुजर रहे हैं। हालांकि अभी भी कोखराज, नवाबगंज, सोरांव, सहसो, प्रयागराज-बांदा राजमार्ग पर अमरेहा और प्रयागराज-मिर्जापुर राजमार्ग पर मुंगारी टोल प्लाजा पर फास्टैग की कमी बनी हुई है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एके राय ने बताया कि फास्टैग की कमी दूर कराने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। सभी टोल प्लाजा पर अब ईटीसी लगाने का काम पूरा हो गया है। फास्टैग की कमी भी जल्द ही दूर कर ली जाएगी। 15 दिसंबर को पूर्ण रूप से इस प्रणाली को लागू करा दिया जाएगा।
एनएचएआई दफ्तर में खुला फास्टैग काउंटर
प्रयागराज। एनएचएआई शहर में पांच हजार फास्टैग जारी करेगा। इसके लिए सरोजनी नायडू मार्ग स्थित एनएचएआई कार्यालय में बृहस्पतिवार को फास्टैग विंडो खोल दी गई। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से इस विंडों पर फास्टैग का वितरण किया जा रहा है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक इस काउंटर से लोग फास्टैग ले सकते हैं। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एके राय ने बताया कि इस विंडो से शहर में कुल पांच हजार पास्टैग वितरित कराने का लक्ष्य रखा गया है।