फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amarnath Yatra 2025 : बाबा बर्फानी की गुफा में एक हजार से अधिक लगाएंगे हाजिरी, तीन जुलाई से आरंभ होगी यात्रा

Mon, 19 May 2025 12:46 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

सावन में शुरू होने वाली अमरनाथ धाम यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाबा बर्फानी की गुफा में हाजिरी लगाने के लिए जतन शुरू हो गए हैं। अस्पतालों में अबतक एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने परीक्षण कराया है।
विज्ञापन
बाबा अमरनाथ यात्रा। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सावन में शुरू होने वाली अमरनाथ धाम यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाबा बर्फानी की गुफा में हाजिरी लगाने के लिए जतन शुरू हो गए हैं। अस्पतालों में अबतक एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने परीक्षण कराया है। अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से प्रारंभ होकर नौ अगस्त तक चलेगी। अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का चिकित्सकीय पंजीयन शुरू हो गया है। ऊंची पहाड़ी पर स्थित गुफा में प्रवेश करने लायक शारीरिक क्षमता वाले श्रद्धालुओं का ही पंजीयन किया जा रहा है। तेज बहादुर सप्रू जिला चिकित्सालय में अब तक 650 लोगों ने चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ ही पंजीयन कराया है।

विज्ञापन


इसी तरह मोती लाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय (कॉल्विन) में 350 से अधिक श्रद्धालु अब तक अपना पंजीयन करा चुके हैं। जय बाबा अमरनाथ बर्फानी सेवा समिति के सेवादार देवाशीष बताते हैं कि पंजीयन के साथ ही बालटाल में सेवा शिविर की भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं को लंगर, कंबल और अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए इस बार पंजाब की कुछ अन्य समितियों से भी संपर्क साधा गया है। प्रयागराज से अमरनाथ धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु जम्मू तवी और मुरी एक्सप्रेस से सफर करेंगे। इस बीच पंजीकृत श्रद्धालु अपना मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र ले रहे हैं, ताकि पता चल सके कि वह शारीरिक रूप से अमरनाथ यात्रा पर जाने लिए फिट हैं या नहीं।

अमरनाथ यात्रा के लिए सेहत संबंधी सलाह

मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की फिजीशियन डॉ. अनुभा श्रीवास्तव बताती हैं कि इस यात्रा पर जाने से पहले शारीरिक रूप से फिट होना बेहद जरूरी है। यात्रा पर जाने से पहले दो से तीन हफ्ते तक हर रोज कम से कम छह किमी पैदल चलने का अभ्यास करना जरूरी है, ताकि वहां ऊंची पहाड़ी चढ़ने के लिए खुद को तैयार कर सकें। गहरी सांस लेने का व्यायाम भी करना चाहिए। यदि आप फेफड़े की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग से पीड़ित हैं तो अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले चिकित्सक की राय लेना न भूलें।

इन दस्तावेजों को रखें अपने साथ

अपनी पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट साथ लेकर जाएं।
विज्ञापन

इन बातों का रखें ध्यान

1-यात्रा से पहले नियमित रूप से व्यायाम करें। चार-पांच किलोमीटर रोजाना पैदल चलने की आदत डालें।
2-गहरी सांस लेने का अभ्यास (प्राणायाम) करें, जिससे शरीर की ऑक्सीजन दक्षता में सुधार हो सके।
3-यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
4-हल्का और सुपाच्य भोजन करें जैसे कि सूप, चाय, फल, और ऊर्जा देने वाले स्नैक्स।
5-ऊनी कपड़े, जैकेट, दस्ताने और स्कार्फ जरूर रखें, क्योंकि मौसम अनिश्चित हो सकता है।
6-अपनी सामान्य दवाओं के अलावा ऊंचाई के कारण होने वाली परेशानियों जैसे सांस की तकलीफ या चक्कर के लिए भी दवाइयां साथ रखें।
7-यदि ऊंचाई पर चक्कर, सांस की तकलीफ या थकान महसूस हो तो तुरंत विश्राम करें।
8-शराब, धूम्रपान और कैफीन से परहेज करें।
9-यात्रा के दौरान उपयोग के लिए एक फर्स्ट एड किट रखें।
10-यात्रा से पहले और दौरान किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर से सलाह लें।
11-पहाड़ों का मौसम अनिश्चित होता है, इसलिए गर्म कपड़े, वाटरप्रूफ जैकेट, मजबूत ट्रेकिंग बूट्स और टोपी आदि साथ में लेकर चलें।
12-यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करें और थकान महसूस होने पर विश्राम करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें