इलाहाबाद। अल्लापुर के नेता चौराहे के पास बुधवार सुबह ग्यारहवीं कक्षा के छात्र अभिषेक सिंह चंदेल (18) ने किराए के कमरे में फांसी लगा ली। सुबह चाय-नाश्ता के बाद उसके साथी कमरे से निकल गए तब उसने रस्सी और चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। ग्यारह बजे साथ रहने वाला एक छात्र कोचिंग से लौटा तो इस घटना का पता चला। खबर पाकर जार्जटाउन थाने की पुलिस आ गई। फिर सहसों से उसके परिजन भी रोते-कलपते आ गए। छात्र ने आखिर क्यों फांसी लगाई? इस बारे में न तो परिजन ही कुछ बता सके और न ही साथ रहने वालों को कुछ पता है।
सहसों के पास थानापुर गांव निवासी उमाशंकर सिंह का इकलौता पुत्र था अभिषेक उर्फ भोलू सिंह चंदेल। उससे छोटी एक पुत्री है। पिछले साल मई में हाईस्कूल पास करने के बाद भोलू आईआईटी की तैयारी के लिए शहर चला आया। उसने एक कॉलेज में ग्यारहवीं में दाखिला करा लिया। साल भर से वह अल्लापुर में नेता चौराहा के पास एक इमारत के तीसरे मंजिल के फ्लैट में किराए पर ठहरा था। इस फ्लैट में दो कमरे हैं जिनमें दो-दो लोग रह रहे हैं। एक कमरे में भोलू जौनपुर के सावनी तिवारी के साथ था जो यहां एटीएम का काम देखने वाली कंपनी में नौकरी करता है।
दूसरे कमरों में दो प्रतियोगी छात्र मोनू पांडेय और आकाश सिंह रहते हैं। भोलू ने एक कोचिंग संस्थान में दाखिला लिया था। इस साल मई में वह कमरा छोड़कर घर चला गया। उसने कहा था कि वह दूसरे कमरे में रहेगा। मगर वह सोमवार को घर से सामान लेकर उसी कमरे में आ गया। सामान रखकर वह वापस घर लौट गया। फिर वह मंगलवार शाम कमरे में आया। रात में उसने सावनी और दूसरे कमरे में रहने वाले मोनू के साथ खाना खाया। सुबह तीनों ने चाय पी। नाश्ता किया। फिर मोनू कोचिंग चला गया। भोलू भी यह कहकर निकल गया कि वह दूसरा कमरा खोजने जा रहा है। सावनी ताला लगाकर काम पर चला गया। उसने भोलू को फोनकर बता दिया कि चाभी रख दी है। इसके बाद 11 बजे मोनू कोचिंग से लौटा तो चैनल गेट और दरवाजा खुला था। वह भोलू के कमरे में गया तो अंदर उसे फंदे से लटका देखा।
मोनू ने फौरन बाहर आकर पड़ोसियों को खबर दी तो अल्लापुर चौकी तथा जार्जटाउन थाने की पुलिस पहुंची। भोलू ने नाइलॉन की रस्सी और चादर का फंदा छत के हुक में बांधकर फांसी लगाई थी। पुलिस ने कपड़ों और कमरे की तलाशी ली लेकिन सुसाइड नोट नहीं मिला। साथ रहने वाले मोनू और सावनी भी कुछ नहीं बता सके। भोलू के मोबाइल से पता चला कि उसने आखिरी कॉल अपनी मां को की थी। मगर इकलौत बेटे की आत्महत्या से सदमे में डूबे परिवार के लोग भी वजह के बारे में नहीं बोल रहे हैं।