स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद से ही लगातार इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि इलाहाबाद में यूपी कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। इसे लेकर आए दिन तमाम तैयारियों का भी दावा किया जा रहा है। फिलहाल इन अटकलों पर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने विराम लगा दिया है। बृहस्पतिवार को उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाहाबाद मेें योगी कैबिनेट की बैठक नहीं होने जा रही है।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि इलाहाबाद में वर्ष 2019 में अर्द्धकुंभ मेला है। इसलिए कुंभ मेेले से जुड़े विभागों के मंत्रियों एवं अफसरों की बैठक ही यहां होगी। इस बैठक में मुख्य रूप से नगर विकास विभाग, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, स्वास्थ्य, पर्यटन, ऊर्जा आदि विभागों से जुड़े मंत्री एवं अफसर शामिल होंगे। अभी बैठक की तारीख मुकर्रर नहीं की गई है। सरकार ने मेले से जुड़े सभी विभागों के अफसरों को अक्तूबर 2018 तक सभी विकास कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है।
सूबे के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री और प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्व की सपा सरकार द्वारा शुरू किए गए किसी भी प्रोजेक्ट को भाजपा सरकार नहीं रोकेगी। सिद्धार्थ नाथ के अनुसार इलाहाबाद में भी कई प्रोजेक्ट शुरू होने हैं। इसमें झूंसी से संगम के ऊपर से नैनी की ओर जाने वाले एलीवेटेड ब्रिज, सरस्वती हाईटेक सिटी एवं शहर में तीन फ्लाईओवर आदि प्रोजेक्ट प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन सभी प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। पूर्व सरकार द्वारा जो घोटाले किए गए हैं, उसकी जांच योगी सरकार जरूर करवाएगी।