इलाहाबाद। इलाहाबाद-वाराणसी रूट पर जबरदस्त जाम के कारण बुधवार को लोगों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई। इसकी वजह से शाम चार बजे के बाद से रात नौ बजे तक वाराणसी की ओर से रोडवेज की एक भी बस सिविल लाइंस बस स्टेशन नहीं पहुंची। रक्षाबंधन के मद्देनजर बसों का इंतजार कर रहे लोगों ने रामबाग और प्रयाग स्टेशनों का रुख किया लेकिन वहां ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण परेशान बढ़ गई। उधर, भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने तकरीबन 50 सिटी बसों को लॉग रूट पर चलाया।
बारिश के कारण इलाहाबाद-वाराणसी रूट पर दोपहर बाद जाम लग गया। कुछ देर में ही कई किलोमीटर लंबा जाम लगने से गाड़ियां जहां-तहां ठहर गई। इसकी वजह से रोडवेज की बसें भी काफी अधिक प्रभावित हुईं। वाराणसी समेत अन्य शहरों को जाने के लिए सिविल लाइंस बस स्टेशन पर काफी संख्या में मौजूद यात्रियों को जाम और उसकी वजह से फंसी बसों की जानकारी मिली तो ज्यादातर यात्री रामबाग स्टेशन पर मडुआडीह पैसेंजर और प्रयाग स्टेशन पर डीएमयू पकड़ने पहुंचे। डीएमयू रात आठ बजे प्रयाग से रवाना हुई। इसमें जबरदस्त भीड़ के कारण देर से स्टेशन पहुंचे यात्रियों ट्रेन में सवार होने में दिक्कत हुई। बस स्टेशन पर भीड़ अधिक होने पर रोडवेज प्रशासन ने लॉग रूट पर सिटी बसें चलाने का निर्णय लिया। इसके बाद करीब पचास बसों को वाराणसी, जौनपुर, बदलापुर, लखनऊ आदि रूटों पर रवाना किया गया।