आज खत्म हो जाएगी अल्टीमेटम की समयावधि
प्रयागराज। इविवि में छात्रनेताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद के बाद छात्र आंदोलनरत हो गए थे। छात्रों ने इविवि और पुलिस प्रशासन को 48 घंटे समय देते हुए मांग किया था कि दोषी सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार किया जाए, साथ ही सुरक्षा एजेंसी का अनुबंध खत्म किया जाए। मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। ऐसे छात्रों की ओर से दिए 48 घंटे की समयसीमा बृहस्पतिवार को पूरी हो जाएगी। लेकिन इनमें से किसी भी मांग के पूरा होने की अभी तक कोई संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में घटना से नाराज छात्रनेता बृहस्पतिवार को समयसीमा खत्म होने के बाद फिर से आंदोलन कर सकते हैं।
छात्रनेताओं पर दर्ज मुकदमें वापस लिए जाएं
प्रगतिशील स्टूडेंटस यूनियन ऑफ इंडिया के इविवि ईकाई के अध्यक्ष अंकित मौर्य ने परिसर में छात्रनेताओं पर हुए हमले की निंदा की है। पीएसयूआई के प्रदेश सचिव अंबुज सिंह ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। किंतु विवि प्रशासन के इशारे पर छात्रों पर जानलेवा हमला शर्मनाक है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो छात्र उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर नवीन विद्यार्थी, अमितेश सिंह, जीतेंद्र कुमार, राहुल पटेल आदि मौजूद रहे।