ऑनलाइन प्रवेश के लिए कटऑफ जारी
कोविड के कारण कॉलेज बंद हो गया है, सो कॉलेज प्रशासन ने पीजी में ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही 17 जनवरी को पीजी में ऑनलाइन प्रवेश के लिए नया कटऑफ भी जारी कर दिया है। कॉलेज प्रशासन ने अब यूजी में भी ऑनलाइन प्रवेश शुरू करने का निर्णय लिया है। हालांकि कॉलेज बंद होने से पहले यूजी में ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया अंतिम दौर में थी, लेकिन कॉलेज बंद हो जाने के बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से ठप हो गई।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि यूजी में ऑनलाइन प्रवेश के लिए संबंधित एजेंसी से बात कर ली गई है। ऑफलाइन प्रवेश में जिन शिक्षकों की ड्यूटी लगी थी, उनसे विवरण लेने के बाद यूजी में ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। सोमवार को यूजी में ऑनलाइन प्रवेश के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
उधर, ईश्वर शरण पीजी कॉलेज में स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया शुरू से ही ऑनलाइन मोड में चल रही थी और यह लगभग पूरी कर ली गई है, लेकिन पीजी में ऑफलाइन प्रवेश शुरू होते ही कोविड के कारण कॉलेज बंद हो गया। ऐसे में वहां भी पीजी में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी तरह से ठप हो गई। कॉलेज प्रशासन ने पीजी में भी ऑनलाइन प्रवेश शुरू करने का निर्णय लिया है।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आनंद शंकर सिंह ने बताया कि 19 जनवरी से ऑनलाइन मोड में पीजी प्रवेश शुरू करने की तैयारी है, ताकि प्रवेश की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके। प्राचार्य के अनुसार स्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।