इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रशासनिक स्तर पर भारी बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। सोमवार को इसकी शुरुआत भी हो गई। भूगोल के डॉ. एआर सिद्दीकी नए डीएसडब्ल्यू बनाए गए हैं। उन्होंने दोबारा डीएसडब्लयू का कार्यभार ग्रहण किया। कुलपति प्रोफेसर ए. सत्यनारायण ने रजिस्ट्रार को बदलने का भी निर्णय लिया है। मंगलवार को इस आशय का आदेश भी जारी होने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में विश्वविद्यालय में कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव की बात कही जा रही है।
शुक्रवार को वार्डेन, अधीक्षक और छात्र-छात्राओं के साथ बैठक में प्रो. जेए अंसारी का कुलपति से विवाद हो गया था। इसके बाद उन्होंने डीएसडब्ल्यू पद से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को उनका इस्तीफा मंजूर हो गया। उनकी जगह डॉ. एआर सिद्दीकी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्हें दो साल के लिए नियुक्त किया गया है। प्रो. जेए अंसारी और प्रो. जगदम्बा सिंह से पहले भी डॉ. सिद्दीकी डीएसडब्ल्यू रह चुके हैं। इस तरह से उन्होंने इस पद का दोबारा कार्यभार संभाला।
रजिस्ट्रार प्रो. बीपी सिंह भी इस्तीफा दे चुके हैं। प्रो. बीपी सिंह ने कुलपति रहे प्रो. एके सिंह के बाद प्रो. एनआर फारूकी के समय में भी इस्तीफा दिया था, लेकिन स्वीकार नहीं हुआ था। उन्होंने इस्तीफा वापस भी नहीं लिया है। प्रो. बीपी सिंह ने सोमवार को फिर कुलपति प्रो. ए. सत्यनारायण से इस्तीफा स्वीकार करने के लिए कहा। कुलपति ने बताया कि प्रो. बीपी सिंह और प्रो. जेए अंसारी ने पारिवारिक कारणों से इस्तीफा दिया है। इसलिए उनकी जगह किसी और की नियुक्ति का निर्णय लिया गया है। एक-दो दिनों में नए रजिस्ट्रार की बाबत भी आदेश जारी कर दिया जाएगा।