इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में इस बार स्नातक अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। मंगलवार को किन्हीं कारणों से परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी नहीं किया जा सका, लेकिन परीक्षा 12 सितंबर से शुरू कराए जाने की तैयारी है।
परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं यूजीसी-नेट के बाद होंगी। इविवि प्रशासन बुधवार को परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा। 16 से 25 सितंबर तक यूजीसी-नेट का आयोजन किया जाना है। इस परीक्षा में परास्नातक (पीजी) के छात्र शामिल होते हैं।
ऐसे में 16 से 25 सितंबर तक इविवि में परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षाएं होने के कोई आसार नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक इविवि प्रशासन की तैयारी है कि 25 सितंबर के बाद पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू कराई जाएं।
वहीं, स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 12 सितंबर से शुरू कराने की तैयारी चल रही है और बुधवार को इस पर कुलपति अपनी अंतिम मुहर लगा सकते हैं। स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा चार घंटे की होगी।
अभ्यर्थी दो घंटे परीक्षा देंगे और इसके बाद दो घंटे में कॉपी को स्कैन कर अपलोड करना होगा। स्नातक अंतिम वर्ष की रोज दो पाली की परीक्षा कराए जाने की तैयारी है। यूजीसी नेट के बाद जब पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होंगी, तब प्रतिदिन तीन पालियों में परीक्षा कराई जा सकती है। हालांकि तब तक स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं समाप्ति की ओर होंगी।
इविवि प्रशासन ने स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा 22 दिनों और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं एक सप्ताह में पूरी कराने की तैयारी की है।