जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रस्ताव को मंजूर करते हुए छात्रों ने कहा कि फीस वृद्धि के मुद्दे पर चार अक्तूबर को इविवि प्रशासन से वार्ता के लिए तैयार हैं। बैठक में संयुक्त संघर्ष समिति के तहत आंदोलन कर रहे सभी छात्र संगठन और एबीवीपी के छात्र नेता शामिल रहे। वहीं, छात्रसंघ भवन के सामने संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले शिव शंकर सरोज एवं विवेक सुल्तानवी का आमरण अनशन जारी रहा।
दो बार हो चुकी है वार्ता की कोशिश
इससे पूर्व इविवि प्रशासन और छात्रों के बीच दो बार वार्ता की कोशिश हुई, लेकिन इसमें कोई न कोई अड़ंगा लग गया। पहली बार इविवि प्रशासन ने यह कहते हुए वार्ता खारिज कर दी कि छात्र नेताओं की ओर से दी गई लिस्ट में विश्वविद्यालय का कोई छात्र नहीं हैं। कोई पूर्व पदाधिकारी तो कोई पूर्व या निलंबित छात्र है। दूसरी बार कोशिश हुई तो कुछ छात्र नेताओं को वार्ता में शामिल नहीं होने दिया और हंगामे के कारण वार्ता स्थगित कर दी गई।