इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि)
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज। हमीदिया गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीकॉम और बीए में प्रवेश के लिए परीक्षा 16 एवं 17 सितंबर को आयोजित की जाएगी। कोविड-19 के कारण परीक्षा केवल ऑनलाइन मोड में होगी। हमीदिया में पहली बार ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा होनी जा रही है। ऐसे में परीक्षा का सफल आयोजन कॉलेज प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।
अभ्यर्थी घर बैठे अपने मोबाइल, लैपटॉप आदि के माध्यम से ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। बीकॉम की प्रवेश परीक्षा 16 सितंबर और बीए की प्रवेश परीक्षा 17 सितंबर को सुबह नौ से 11 बजे की पाली में आयोजित की जाएगी। बीए की प्रवेश परीक्षा में बहुविकल्पी प्रकार के 150 सवाल पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र तीन खंडों में होंगे। खंड एक में भाषा ज्ञान से संबंधित 50 प्रश्न होंगे।
अभ्यर्थियों को कोई एक भाषा चुननी होगी। खंड दो में सामान्य ज्ञान के 30 सवाल होंगे और खंड तीन में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, शिक्षा शास्त्र, समाजशास्त्र और कंप्यूटर से संबंधित 70 सवाल पूछे जाएंगे।
इसी तरह बीकॉम की प्रवेश परीक्षा के तीसरे खंड में अकाउंटेंसी, गणित, अर्थशास्त्र, मैनेजमेंट, फाइनेंस, करेंसी एंड फॉरेन एक्सचेंज से जुड़े 70 सवाल पूछे जाएंगे। खंड एक एवं दो के सवाल बीए की प्रवेश परीक्षा जैसे होंगे। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. यूसुफा नफीस के अनुसार अभ्यर्थी कॉलेज की ओर से उपलब्ध कराए गए लिंक से प्रवेश परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षार्थियों को दिए गए लिंक पर सुबह नौ बजे क्लिक करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर विवरण दिखाई देगा। परीक्षार्थी अपना रोल नंबर, नाम, ईमेल आईडी और फोन नंबर भरेंगे। विवरण भरने के बाद नेक्स्ट का बटन क्लिक करने पर स्क्रीन पर पेपर दिखाई देगा।