इलाहाबाद विवि के डॉ. ताराचंद हास्टल से अवैध कब्जा हटाने के लिए जुटी फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला।
सभी छात्रावासों में चलेगा अभियान
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. राकेश सिंह के अनुसार यह अभियान लगातार चार दिनों तक विश्वविद्यालय के 10 हॉस्टलों में चलाया जाएगा। नौ जनवरी को डायमंड जुबली हॉस्टल एवं एएन झा हॉस्टल, 10 जनवरी को जीएन झा हॉस्टल एवं पीसीसीबी हॉस्टल और 11 जनवरी को एसआरके हॉस्टल, सर सुंदर लाल हॉस्टल एवं हॉलैंड हॉल हॉस्टल में अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।
शनिवार को चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में हुई अधीक्षकों की बैठक में अभियान की रूपरेखा तैयार की गई थी। सभी हॉस्टलों के अधीक्षकों से वैध अंत:वासियों की लिस्ट भी मांगी गई थी, ताकि अभियान के दौरान वैध अंत:वासियों के भी प्रवेश संबंधी आवश्यक दस्तावेजों एवं फोटो का भौतिक सत्यापन किया जा सके।
दरअसल, कई हॉस्टलों से शिकायत आई है कि जिन छात्रों के नाम कमरे आवंटित हैं, उनमें कोई दूसरा व्यक्ति रहता है। ऐसे ही लोगों हॉस्टलों से जारी अराजक गतिविधियों में लिप्त हैं और हॉस्टल प्रशासन के पास इनका कोई रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं है। अभियान के दौरान हॉस्टलों के जिन कमरों में अवैध कब्जा है, उन कमरों पर इविवि प्रशासन अपना ताला लगा देगा। इसके बाद खाली कराए गए कमरे छात्रों को नए सिरे से आवंटित किए जाएंगे
हॉस्टल में बम फटने से मच गया था हड़कंप
गौरतलब है कि पिछले दिनों हॉस्टलों में लगातार घटनाएं हुईं। दो हॉस्टलों के छात्रों के बीच जमकर मारपीट, पत्थरबाजी, बमबाजी और गोलीबारी की घटना हुई। इसके बाद एक हॉस्टल में बम बनाते वक्त पीजी के छात्र का हाथ उड़ गया। इविवि प्रशासन ने जब छानबीन शुरू की तो पता चला कि हॉस्टलों के कमरों में बड़ी संख्या में अवैध कब्जा है। इसी वजह से इविवि प्रशासन ने हॉस्टलों में अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया।