परिस्थितियां अनुकूल होने के इंतजार में शिक्षक संघ
इलाहाबाद विश्वविद्यालय का शिक्षक संघ प्रो. राकेश सिंह पर पुलिस आयुक्त की व्यक्तिगत टिप्पणी और इस्तीफे को लेकर परिस्थितियां अनुकूल होने के इंतजार में है। शिक्षक संघ का चुनाव कराके अध्यक्ष होने का दावा करने वाले प्रो. राजेश गर्ग एवं महामंत्री डॉ. अविनाश श्रीवास्तव कुछ भी कहने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि वे अब शिक्षक संघ में किसी पद पर नहीं हैं। वहीं करीब 400 शिक्षकों के हस्ताक्षर के साथ अध्यक्ष होने का दावा करने वाले प्रो. एआर सिद्दीकी का कहना है कि अभी उनकी जानकारी में प्रकरण नहीं आया है। यदि प्रो. राकेश सिंह या कोई अन्य अध्यापक इस मुद्दे को संघ के पास लाते हैं तो बैठक बुलाई जाएगी।
आटा का चुनाव कराने की उठी मांग
कुलानुशासक पर पुलिस आयुक्त की व्यक्तिगत टिप्पणी और प्रो. राकेश सिंह के इस्तीफे के बाद शिक्षकों में भी रोष है। परिसर में इलाहाबाद विश्वविद्यालय अध्यापक संघ (आटा) का चुनाव कराने की भी मांग शुरू हो गई है। आटा के व्हाट्सअप ग्रुप पर यह मांग उठाई गई है। मांग उठाने वालों में प्रो. राकेश कुमार सिंह भी शामिल हैं। शिक्षकों की इस मांग पर प्रो. एआर सिद्दीकी का कहना है कि नियमानुसार चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।