Prayagraj News : इलाहाबाद विश्वविद्यालय। विजयनगरम हॉल।
- फोटो : अमर उजाला।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों मेें इन दिनों परास्नातक में प्रवेश लिए जा रहे हैं। दर्शनशास्त्र, उर्दू समेत कई विषयों में दाखिले के लिए अभ्यर्थी ही नहीं मिल रहे हैं। इन विषयों में दाखिले के लिए उन सभी अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है, जो प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए थे। जिन विषयों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी नहीं मिल रहे हैं, उनमें मानविकी के साथ प्रोफेशनल पाठ्यक्रम भी शमिल हैं। इविवि में ही इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के तहत बीए इन फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी, एमवोक इन मीडिया स्टडीज, पीजीडीसीए, पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड बीसीए एंड एमसीए (डाटा साइंस) में दाखिले के लिए उन सभी अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है, जो प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए थे।
वहीं, संघटक महाविद्यालयों में मनोविज्ञान, संस्कृत, दर्शनशास्त्र, उर्दू विषय को अभ्यर्थी नहीं मिल रहे हैं। ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में मनोविज्ञान, संस्कृत एवं दर्शनशास्त्र, सीएमपी डिग्री कॉलेज में मनोविज्ञान, संस्कृत एवं उर्दू और इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में पेंटिंग, दर्शनशास्त्र एवं संस्कृत में दाखिले के लिए उन सभी अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है, जो इन विषयों की पीजी प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए थे।