प्रवेश भवन कल से खुलेगा, पर दाखिले बाद में होंगे
इलाहाबाद विश्वविद्यालय बंद होने के साथ प्रवेश भवन भी बंद कर दिया गया था। तब से स्नातक में भी प्रवेश प्रक्रिया रुकी हुई है। 24 जनवरी से प्रवेश भवन खुलने जा रहा हैं, लेकिन प्रवेश संबंधी कार्य बाद में शुरू होंगे। 25 जनवरी को दिव्यांग अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण है। स्पोर्ट्स कोटा की लिस्ट भी जारी होनी है।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी के अनुसार दिव्यांग एवं स्पोर्ट्स कोटा के अभ्यर्थियों की लिस्ट मिलते ही प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही जिन अभ्यर्थियों को शुल्क या आवश्यक दस्तावेज जमा करने हैं, उन्हें भी बुलाया जाएगा। इसकी सूचना अलग से जारी की जाएगी।
सीएमपी में बीए, बीएससी, बीकॉम में प्रवेश कल
सीएमपी डिग्री कॉलज में बीए, बीएससी एवं बीकॉम में 24 जनवरी को ऑनलाइन प्रवेश के लिए नए कटऑफ जारी किए गए हैं। प्राचार्य डॉ. बृजेश कुमार के अनुसार बीए में ईडब्ल्यूएस वर्ग में 127.30 या अधिक अंक और एससी वर्ग में 84 या अधिक अंक वाले अभ्यर्थी प्रवेश ले सकते हैं।
बीकॉम में एससी वर्ग के सभी अभ्यर्थी, बीएससी गणित में एससी वर्ग में 100 या अधिक अंक और बीएससी जीव विज्ञान में एससी वर्ग में 58 या अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी ऑनलाइन दाखिला ले सकते हैं। इसके अलावा खेलकूद, दिव्यांग एवं शिक्षक/कर्मचारी कोटा के तहत प्रवेश के इच्छुक जिन अभ्यर्थियों ने अपने प्रार्थनापत्र जमा नहीं किए हैं, वे 27 जनवरी तक परास्नातक कार्यालय में जमा कर दें।