इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या नौ हजार के करीब पहुंच गई है, जबकि रजिस्ट्रेशन कराने वालों की संख्या 40 हजार के आसपास है। हालांकि, इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) में आवेदन करने वालों की संख्या अब भी 100 से कम है। ऐसे में पिछले साल की तरह इस बार भी आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों को भर पाना इविवि प्रशासन के लिए चुनौती होगी।
इविवि एवं संघटक कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। पांच दिनों में 39 हजार 722 अभ्यर्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं और 8951 अभ्यर्थी शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कर चुके हैं। सबसे कम रजिस्ट्रेशन आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए हुए हैं। आईपीएस के लिए कुल 892 अभ्यर्थियों ने ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है और इनमें से महज 81 अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा करते हुए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की है।
अब तक सबसे अधिक 22 हजार 113 अभ्यर्थियों ने स्नातक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है और इनमें से 6350 अभ्यर्थियों ने आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। वहीं एलएलबी (ऑनर्स), बीएएलएलबी (हॉनर्स) में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले 5420 अभ्यर्थियों में से 1080 ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी की है। इसके अलावा क्रेट में रजिस्ट्रेशन कराने वाले 1976 में से 303 अभ्यर्थियों और परास्नातक में 9321 में से 1137 अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी की है।