पुलिस ने शांतिभंग करने के आरोप में की कार्रवाई
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्रसंघ बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे सात छात्रनेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थाने ले जाने के बाद शांतिभंग में उनका चालान कर दिया।
कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि पिछले कई दिनों से छात्रसंघ भवन के सामने कई छात्रनेता धरने पर बैठे थे। वह विवि में छात्रसंघ की बहाली के साथ ही छात्रनेताओं का निष्कासन वापस लेने और परिसर में प्रवेश पर लगे प्रतिबंध को समाप्त करने की मांग कर रहे थे। विवि प्रशासन की ओर से शिकायत मिली थी कि प्रदर्शनकारी छात्रनेता लगातार पठन-पाठन के माहौल को प्रभावित कर रहे हैं। इसके अलावा पांच सितंबर को आयोजित होने वाले विवि के दीक्षांत समारोह में भी व्यवधान की आशंका जताई गई। इसे देखते हुए मंगलवार दोपहर धरने पर बैठे सात छात्रनेताओं को हिरासत में ले लिया गया। इनमें उदयप्रकाश यादव, शिवम सिंह, सत्यम कुशवाहा, अखिलेश यादव, आनंद सिंह, अभय सिंह सेंगर व अविनाश विद्यार्थी शामिल हैं। कर्नलगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि थाने लाए जाने के बाद इनका शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
वहीं छात्रों की गिरफ्तारी के बाद बुलाई गई बैठक में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विनोद चंद दुबे, ऋचा सिंह, अवनीश यादव, पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा, चंद्रशेखर चौधरी, सत्यम सनी, अखिलेश गुप्ता, अतेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। इस दौरान गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा गया कि यह कुलपति के इशारे पर पुलिसिया दमन है। छात्रों ने कहा कि कैलाश सत्यार्थी की मौजूदगी में छात्रों का दमन निंदनीय है।