इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में मंगलवार को दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन बीकॉम प्रथम वर्ष में 95 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। इसके मद्देनजर प्रवेश भवन पर गहमा-गहमी भी बढ़ गई है। दिन भर हुई बारिश की वजह से मौसम तो सुहाना रहा, लेकिन आवागमन में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
बीकॉम में दाखिला के लिए मंगलवार को प्रवेश परीक्षा में 305 या इससे अधिक अंक पाने वाले सभी वर्ग के 205 विद्यार्थियों को बुलाया गया था। खास यह कि प्रवेश फार्म लेने वाले 95 छात्र-छात्राओं में टॉपर गौरव कुमार भी शामिल रहे। हालांकि दूसरे स्थान पर रहे विक्रांत सिंह और तृतीय नूरुल हसन ने प्रवेश नहीं लिया। बीकॉम में दाखिला के लिए अब आठ जून को 290 या इससे अधिक अंक पाने वाले सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
दाखिला के लिए सुबह नौ बजे से पहले ही प्रवेश भवन पर काफी भीड़ हो गई थी। विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी पहुंचे थे। विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखकर प्रवेश भवन पर समुचित इंतजाम किए गए थे। विद्यार्थियों ने सुबह नौ से 11 बजे के बीच रिपोर्टिंग की। एक बजे से काउंसलिंग के बाद दाखिला लिया। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर बीएन सिंह ने बताया कि बीए और बीएससी गणित का कटऑफ भी घोषित कर दिया गया है।
काफी इंतजार के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय के बीए और बीएससी गणित प्रथम वर्ष में दाखिला के लिए भी कटऑफ तथा दाखिले की तिथि घोषित कर दी गई। बीएससी गणित में नौ तथा बीए में 12 जुलाई से प्रवेश शुरू होगा। इन पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सोमवार को ही कटऑफ जारी करने की घोषणा की गई थी, लेकिन एजेंसी की ओर से अभ्यर्थियों तथा उनके प्राप्तांक की लिस्ट देर रात मिली। इसकी वजह से कटऑफ घोषित नहीं हो पाया।
बीएससी गणित के एडमिशन कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर आरकेपी सिंह ने बताया कि पहले चरण में नौ से 12 जुलाई के बीच प्रवेश लिए जाएंगे। पहले दिन स्नातक प्रवेश परीक्षा में 250 या इससे अधिक अंक पाने वाले सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। बीए प्रवेश के समन्वयक प्रोफेसर आईआर सिद्दीकी ने बताया कि पहले चरण में 12 से 15 जुलाई के बीच सभी वर्ग के अभ्यर्थियों का प्रवेश होगा। पहले दिन 271 तथा 15 जुलाई को 218 या इससे अधिक अधिक अंक पाले वाले विद्यार्थियों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को सुबह नौ से 11.30 बजे के बीच रिपोर्टिंग करनी है।
एक बजे से काउंसलिंग होगी।
000
कटऑफ
बीकॉम
आठ जुलाई - 290 या इससे अधिक अंक सभी वर्ग
000
बीएससी गणित
नौ जुलाई - 250 या इससे अधिक सभी वर्ग
11 जुलाई - 207 या इससे अधिक ओबीसी
12 जुुलाई - एससी के 141 तथा एसटी के 51 या इससे अधिक अंक
000
बीए
12 जुलाई - 271 या इससे अधिक अंक सभी वर्ग
13 जुलाई - 244 या इससे अधिक अंक सभी वर्ग
14 जुलाई - 226 या इससे अधिक अंक सभी वर्ग
15 जुलाई - 218 या इससे अधिक अंक सभी वर्ग
000
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मंगलवार को दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने के साथ स्नातक प्रवेश परीक्षा के टॉपर्स के नाम भी घोषित कर दिए गए। बीए प्रवेश परीक्षा में 600 में 467 अंक हासिल कर मनोज यादव टॉपर रहे। 455 अंक पाकर सौरभ सिंह दूसरे तथा 408 अंक पाने वाले अमरेश प्रधान तृतीय स्थान पर रहे। छात्राओं में 405 पाने वाली स्वाति वर्मा टॉपर रहीं।
बीकॉम में 432 अंक पाकर गौरव कुमार प्रथम रहे। विक्रांत सिंह को 404 तथा नूरुल हसन को 400 अंक मिले हैं और क्रमश: द्वितीय एवं तृतीय रहे। सारिका साहू 386 अंक पाकर छात्राओं में टॉपर रहीं। बीएससी गणित में सौरभ कुमार प्रथम रहे। उन्हें 423 अंक मिले हैं। श्रृष्टि अग्रवाल 413 अंक पाकर द्वितीय रहीं। 408 अंक हासिल कर शुभम कुमार गुप्ता एवं गौरंग अग्रवाल संयुक्त रूप से तृतीय रहे। बीएससी जीव विज्ञान में श्रेया बसू ने 433 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। गौरव प्रकाश सिंह 429 अंक पाकर द्वितीय तथा प्रज्ञा त्रिपाठी तृतीय रहीं। प्रज्ञा को 428 अंक हासिल हुए।
000
इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के केपीयूसी छात्रावास में प्रवेश के लिए भी आवेदन शुरू हो गया है। अधीक्षक डॉ.हौसिला सिंह ने बताया कि बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी प्रत्येक कार्यदिवस में छात्रावास कार्यालय से फार्म प्राप्त कर सकते हैं।