फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Allahabad University : स्नातक प्रवेश से वंचित रह जाएंगे 58 हजार अभ्यर्थी, नौ गुना अधिक हुए पंजीकरण

Mon, 05 Aug 2024 02:52 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

इविवि में प्रवेश के लिए इस बार रिकॉर्ड संख्या में रजिस्ट्रेशन हुए हैं। रविवार तक 64848 अभ्यर्थियों ने इविवि में स्नातक प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लिए हैं। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि पांच अगस्त है। इविवि में यूजी प्रवेश के लिए इतनी बड़ी संख्या में पहली बार रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जबकि विश्वविद्यालय परिसर में स्नातक की 6860 सीटें हैं।
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2024-25 के तहत स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए इस बार सीटों की संख्या से 9.45 गुना अधिक पंजीकरण हुए हैं। अगर पंजीकरण कराने वाले सभी अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन फीस जमा करते हुए प्रवेश के लिए दावा करते हैं तो सीटें फुल होने के बाद तकरीबन 58 हजार अभ्यर्थी इविवि परिसर में स्नातक प्रवेश से वंचित रह जाएंगे।

विज्ञापन


इविवि में प्रवेश के लिए इस बार रिकॉर्ड संख्या में रजिस्ट्रेशन हुए हैं। रविवार तक 64848 अभ्यर्थियों ने इविवि में स्नातक प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लिए हैं। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि पांच अगस्त है। इविवि में यूजी प्रवेश के लिए इतनी बड़ी संख्या में पहली बार रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जबकि विश्वविद्यालय परिसर में स्नातक की 6860 सीटें हैं।

इविवि की प्रवेश समिति को एनटीए से सीयूईटी का परिणाम मिलने का इंतजार है, ताकि मेरिट के आधार पर कटऑफ अंक जारी कर काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की जा सके। अगर रविवार तक रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी 64848 अभ्यर्थी प्रवेश के लिए दावेदारी करते हैं तो सीटें फुल होने के बाद 57988 अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय परिसर में दाखिले से वंचित होना पड़ेगा।

विज्ञापन

रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि पांच अगस्त है। ऐसे में पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अभी और बढ़ेगी। वहीं, इविवि के संघटक महाविद्यालयों में स्नातक की कुल 21534 सीटें हैं। इविवि में प्रवेश न मिलने पर अगर बाकी अभ्यर्थी संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए दावेदारी करते हैं तो भी 36454 अभ्यर्थियों को प्रवेश से वंचित होना पड़ेगा। इविवि में प्रवेश के लिए अब तक रजिस्ट्रेशन करा चुके सभी 64848 अभ्यर्थी सीयूईटी में शामिल हुए थे।

इविवि ने संघटक कॉलेजों को यह छूट भी दी है कि वे चाहें तो गैर सीयूईटी यानी सीयूईटी में शामिल न होने वाले अभ्यर्थियों को भी इंटरमीडिएट की मेरिट के आधार पर स्नातक में प्रवेश दे सकते हैं। लेकिन, प्रवेश प्रक्रिया में सीयूईटी में शामिल अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनसे सीटें खाली रह जाने पर ही गैर सीयूईटी अभ्यर्थियों को प्रवेश दिए जाएंगे।

हालांकि, इविवि में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने वाले बहुत से अभ्यर्थियाें ने सीयूईटी के आवेदन में दूसरे विश्वविद्यालयों के लिए भी विकल्प भरे होंगे। लेकिन, इस बार पंजीकरण इतनी अधिक संख्या में हुए हैं कि नए सत्र में इविवि के संघटक महाविद्यालयों में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के प्रवेश लेने की संभावना है। ऐसे में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले गैर सीयूईटी अभ्यर्थियों में से भी ज्यादातर को प्रवेश से होना पड़ सकता है।

दो दिनों में 23 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने चुने विषय

इविवि में प्रवेश के लिए पंजीकरण करा चुके अभ्यर्थियों को अब दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी करनी है। इसके तहत उन्हें स्नातक के विषयों का चयन एवं रजिस्ट्रेशन फॉर्म की त्रुटियों में संशोधन करना है और रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी है। यह प्रक्रिया दो अगस्त से शुरू हुई है। 48 घंटे में 23259 अभ्यर्थी स्नातक के विषयों का चयन और फॉर्म की त्रुटियों में संशोधन कर चुके हैं। जबकि, 5430 अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन फीस जमा कर चुके हैं। इस बार बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने में गड़बड़ी की है। ऐसे में अभ्यर्थियों को फॉर्म में संशोधन के लिए एक अन्य अवसर प्रदान किया गया है।

पीएचडी प्रवेश के लिए 3145 अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन

इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीएचडी प्रवेश के लिए अब तक 3145 अभ्यर्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।इनमें से 1682 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट)-2024 के लिए रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन की अंतिम तिथि 12 अगस्त है।
विज्ञापन

एडीसी, ईश्वर शरण में पीजी प्रवेश आज से

इलाहाबाद डिग्री कॉलेज (एडीसी) और ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होने जा रही है। इसके लिए दोनों कॉलेजों की ओर से दो अगस्त को कटऑफ अंक जारी किए जा चुके हैं। ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में अर्थशास्त्र, प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, हिंदी, राजनीतिशास्त्र, समाजशास्त्र, अंग्रेजी में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी पूर्व निर्धारित कटऑफ के तहत कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। वहीं, एडीसी में अर्थशास्त्र, भूगोल, हिंदी, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, राजनीति विज्ञान, गणित, भौतिक विज्ञान में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी पूर्व निर्धारित कटऑफ के तहत जरूरी प्रपत्रों के साथ सुबह 11 से अपराह्न दो बजे तक संबंधित विषय के विभागाध्यक्ष से संपर्क करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें