इविवि में इस बार कम हुईं एलएलबी की 75 सीटें
इविवि में पिछले साल तक एलएलबी की 375 सीटों पर प्रवेश लिए जा रहे थे लेकिन बार कौंसिल ऑफ इंडिया ने 300 से अधिक सीटों पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी। ऐसे में इविवि, सीएमपी डिग्री कॉलेज और इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में एलएलबी की तीन-तीन सौ सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू होने के बाद इविवि में एलएलबी की सीटों की संख्या बढ़ाई गई थी लेकिन बदली परिस्थितियों में इस बार 300 सीटों पर दाखिले होने जा रहे हैं। हालांकि, इसमें ईडब्ल्यूएस आरक्षण शामिल रहेगा।
18 हजार से अधिक अभ्यर्थी ऑफलाइन देंगे परीक्षा
पीजी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में परीक्षाएं होगी। आवेदन करने वाले कुल 35673 अभ्यर्थियों में से 16712 अभ्यर्थी ऑनलाइन और 18961 अभ्यर्थी ऑफलाइन मोड में परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। नई दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली जिले में ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों मोड में परीक्षाएं होगी। भोपाल, कोलकाता, पटना और तिरूअनंतपुरम में केवल ऑनलाइन मोड में परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
यूजी के लिए रजिस्ट्रेशन की तैयारी, कॉलेजों के साथ बैठक आज
इविवि एवं संघटक कॉलेजाें में स्नातक (यूजी) में प्रवेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के माध्यम से होने है। सीयूईटी का परिणाम 30 जून को प्रस्तावित है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ ने तैयारी की है कि परिणाम जारी होते ही यूजी में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए। कॉलेजों में भी यूजी प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन होने हैं। इसके लिए इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ ने शुक्रवार को संघटक महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है, जिसमें उन्हें रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।