इलाहाबाद सिटी स्टेशन पर खंगाली गई कई ट्रेनें
प्रयागराज। दशहरा के मद्देनजर रविवार को इलाहाबाद जंक्शन और इलाहाबाद सिटी में ट्रेनों की जांच को लेकर विशेष अभियान चला। इस दौरान दोनों ही स्टेशनों पर तमाम ट्रेनों की चेकिंग हुई। साथ ही संदिग्ध दिख रहे लोगों के सामान की जांच की गई। ट्रेनों की चेकिंग करने के साथ ही सभी प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय आदि की भी चेकिंग की गई।
इलाहाबाद सिटी (रामबाग) रेलवे स्टेशन पर तिरुपति एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस आदि की चेकिंग पर्व के मद्देनजर की गई। इस दौरान यात्रियों को जहरखुरानी के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही रेलवे की हेल्पलाइन नंबर 182 के बारे में भी जानकारी दी गई। आरपीएफ इंसपेक्टर राजेश कुमार, एसआई सतीश तिवारी आदि के नेतृत्व में सरकुलेटिंग एरिया भी देखा गया। उधर इलाहाबाद जंक्शन पर भी एसआई अमित द्विवेदी के नेतृत्व में जांच अभियान चलाकर तमाम ट्रेनों की चेकिंग की गई। संदिग्ध दिख रहे लोगों से पूछताछ के साथ उनके सामान की भी तलाशी ली गई।