रनिंग ट्रेनों में यात्रियों की सहूलियत के लिए चिकित्सकों की तैनाती की मांग स्टेशन सलाहकार समिति की बैठक में जोरशोर से रखी गई। बैठक में दिव्यांगों के लिए स्टेशन परिसर में व्हीलचेयर कार एवं कूड़े के लिए ज्यादा से ज्यादा डस्टबिन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। सलाहकार समिति के सदस्यों ने रेल अफसरों के सामने जंक्शन पर चूहों से यात्रियों को निजात दिलाने का प्रस्ताव भी रखा।
इलाहाबाद जंक्शन पर स्टेशन मैनेजर राजाराम राजपूत की अगुवाई में हुई बैठक में स्वास्तिक बोस, शैलेंद्र द्विवेदी, अशोक सचदेवा, मनोज कुमार दुबे, रितेश सिंह, दिलीप गोस्वामी, शिरीष मिश्र, एके दुबे, विनय पांडेय आदि सदस्यों ने प्लेटफार्म नंबर दो-तीन के शेड के विस्तार का मुद्दा जोरशोर से उठाया। कहा कि शेड छोटा होने की वजह से गर्मी और बारिश के दौरान इन प्लेटफार्म पर आने वाली ट्रेनों में यात्रियों को चढ़ने मेें परेशानी होती है।
रेलवे स्टेशन के साथ चलती ट्रेनों में भी रेल प्रशासन यात्रियों को चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराए। साफ सफाई के मुद्दे पर सदस्यों ने प्लेटफार्म सात, आठ, नौ और दस की व्यवस्था बेहतर करने को कहा। इस दौरान जंक्शन में प्रवेश के कई इंट्री प्वाइंट का मामला भी उठाया। सदस्यों ने कहा गया कि सिटी और सिविल लाइंस साइड से जंक्शन में प्रवेश के जो भी अवैध रास्ते हैं, उन्हें जीआरपी और आरपीएफ की मदद से बंद करवाया जाए। जंक्शन पर चूहों की बढ़ती संख्या पर भी यात्रियों को होने वाली परेशानी के बारे में रेल प्रशासन को बताया गया। बैठक में रेलवे की ओर से आरपीएफ इंस्पेक्टर अर्जुन यादव, सीपीएस शंभूलाल, वीके श्रीवास्तव, जे प्रकाश, रामचंद्र, वीरेंद्र कुमार, पी मिश्र, वीके तिवारी, राजेश कुमार, जय प्रकाश चौबे, रामकरन, एसके गर्ग आदि मौजूद रहे।