उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (लोअर सबऑर्डिनेट-2013) (सामान्य और विशेष चयन) का अंतिम परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया। कुल एक दर्जन से अधिक तरह के पदों के लिए 1545 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। अनुसूचित जाति के योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने की वजह से मत्स्य निरीक्षक के दो पद खाली रह गए। इन पर भर्ती के लिए नए सिरे से विज्ञापन होगा। पदों की संख्या के लिहाज से लोअर सबऑर्डिनेट की अब तक कि यह सबसे बड़ी भर्ती है। हालांकि तमाम दावों के बावजूद यह परिणाम भी रात तकरीबन साढ़े आठ बजे घोषित किया गया। जबकि, आयोग के अफसरों की ओर से शाम छह बजे ही परिणाम घोषित करने की घोषणा कर दी गई थी। रिजल्ट देखने के लिए आयोग दफ्तर पर देर रात तक प्रतियोगियों का जमावड़ा रहा।
आयोग ने मुख्य परीक्षा का परिणाम पिछले साल 24 सितंबर को घोषित किया था। कुल 1547 पदों के लिए 30 नवंबर को शुरू साक्षात्कार इसी महीने की चार फरवरी को संपन्न हुआ था। 1545 अभ्यर्थी अंतिम रूप से सफल घोषित किए गए। सबसे अधिक विपणन अधिकारी के 408 पदों के लिए चयन हुआ है। आबकारी निरीक्षक के 167, आपूर्ति निरीक्षक के 223, कोऑपरेटिव निरीक्षक के 205 पदों के लिए परिणाम घोषित किया गया। इस रिजल्ट से बाल कल्याण परियोजना अधिकारी के 76, अधिशासी अधिकारी अलग-अलग श्रेणी के 79, अलग-अलग विभागों में ऑडिटर के 150 से अधिक पद, हार्टिकल्चर इंस्पेक्टर के 53, मत्स्य निरीक्षक के 85, वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के 30 पदों के लिए भर्ती हुई। इनके अलावा इस भर्ती में बचत अधिकारी, खंडसारी निरीक्षक, चीफ क्लर्क ग्रेड-3, कंप्यूटर असिस्टेंट इंस्पेक्टर आदि पद भी शामिल हैं। सचिव सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि कई अभ्यर्थियों का परिणाम न्यायालय के आदेश के अधीन रहेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम से संबंधित कटऑफ, अभ्यर्थियाें के प्राप्तांक आदि की जानकारी शीघ्र आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।