होली अभी दूर है, लेकिन इस पर्व पर इलाहाबाद आने वाली तमाम ट्रेनें अभी से ही पैक हो गईं हैं। रूट चाहे दिल्ली का हो या फिर मुंबई का। अगले माह पड़ रही होली के आसपास की तिथियों में इलाहाबाद में तमाम रूटों से आने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। मुंबई, दिल्ली आदि महानगरों में रहने वाले लोग परेशान हैं कि इस पर्व के मौके पर वह अपने घर कैसे पहुंचेंगे।
होली के मौके पर राजधानी दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कुछ ज्यादा ही है। होली इस बार 23 मार्च को है। वीआईपी ट्रेन 12418 प्रयागराज की बात करें तो इसकी स्लीपर श्रेणी में सबसे ज्यादा बुरा हाल 22 मार्च को है। इस दिन प्रयागराज के स्लीपर श्रेणी में प्रतीक्षा सूची अभी से 200 के आंकड़े को पार कर गई है। प्रयागराज में 19, 20 एवं 21 मार्च को भी सभी श्रेणियों में प्रतीक्षा सूची काफी लंबी है। दिल्ली से आने वाली 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 19, 20 एवं 22 को थर्ड एसी में नो रूम हो गया है, जबकि स्लीपर में प्रतीक्षा सूची काफी लंबी है। यही हाल ब्रह्मपुत्र मेल का भी है। इसके भी थर्ड एसी में 19 से 22 अप्रैल तक नो रूम है। दिल्ली से आने वाली इलाहाबाद दुरंतो में 21 मार्च को इसकी सभी श्रेणी में प्रतीक्षा सूची है। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम, रीवां एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची काफी लंबी हो गई।
दिल्ली जैसा ही हाल मुंबई से आने वाली ट्रेनों का भी है। मुंबई रूट से आने वाली प्रमुख ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची काफी हो गई है। सप्ताह में दो दिन चलने वाली 12293 मुंबई-इलाहाबाद दुरंतो एक्सप्रेस में 18 मार्च को थर्ड एसी एवं सेकंड श्रेणी में प्रतीक्षा सूची है। यही स्थिति मुंबई से आने वाली 12322 कोलकाता मेल की भी है। इसमें 19 से 22 मार्च के बीच किसी भी श्रेणी में अब कंफर्म टिकट नहीं है। मुंबई से आने वाली 11093 महानगरी एक्सप्रेस की भी सभी श्रेणी उक्त तिथि में यात्रियों से ठसाठस है। यही हाल काशी एक्सप्रेस, गोदान, कामायनी, रत्नागिरि आदि ट्रेनों का भी है। पुणे से आने वाली 12149 पुणे-पटना, 22131 ज्ञानगंगा एक्सप्रेस होली के पूर्व यात्रियों से पूरी तरह से पैक हैं।
होली के मौके पर दिल्ली, मुंबई नहीं बल्कि चेन्नई, बंगलूरू, जम्मू और अहमदाबाद आदि शहरों से भी आने वाली ट्रेनें यात्रियों से पैक हैं। जम्मू से इलाहाबाद के रास्ते टाटानगर जाने वाली मुरी एक्सप्रेस में भी कई तिथियों में यात्रियों को कंफर्म बर्थ नहीं मिलने वाली। यही हाल चेन्नई एवं बंगलूरू रूट से आने वाली गंगा कावेरी, संघमित्रा एवं एर्णाकुलम एक्सप्रेस का भी है। अहमदाबाद रूट से आने वाली अहमदाबाद-इलाहाबाद, पारसनाथ एक्सप्रेस, अजीमाबाद एक्सप्रेस, ओखा एक्सप्रेस भी होली के पूर्व यात्रियों से ठसाठस है। इसके अलावा जयपुर-इलाहाबाद एक्सप्रेस में भी 19 से 22 मार्च की अवधि में सभी श्रेणी में लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है।
ट्रेनों में जगह न मिल पाने की वजह से यात्रियों के पास अब रेलवे की ‘तत्काल’ सेवा का ही विकल्प बचा है। हालांकि, इस सेवा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अभी इंतजार करना पड़ेगा। क्योंकि ‘तत्काल’ सेवा का टिकट संबंधित ट्रेन छूटने के एक दिन पहले ही रेलवे उपलब्ध कराता है। उधर फेस्टिवल सीजन के दौरान रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाती है। हालांकि, अभी स्पेशल ट्रेनों के संचालन को लेकर रेलवे द्वारा घोषणा नहीं की गई है।
प्रमुख त्योहारों के आसपास की तिथियों में ट्रेनों में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। यात्री तत्काल सुविधा का लाभ ले सकते हैं। स्पेशल ट्रेनों को चलाने का एनाउंसमेंट त्योहारों के आसपास ही होता है।
- अमित मालवीय, पीआरओ, एनसीआर।