इलाहाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बेहतर हो इसके लिए केंद्र सरकार की दीन दयाल ग्राम ज्योति योजना और इटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम की शुरूआत एक फरवरी से होने जा रही है। फूलपुर संसदीय क्षेत्र की पांच विधानसभा क्षेत्र से इस योजना की शुरूआत एक फरवरी को भारत सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बिजली, कोयला एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। ऊर्जा मंत्री दो फरवरी तक इलाहाबाद में ही रहेंगे। इस दौरान वह माघ मेला के परेड ग्राउंड में हर्षवर्धन चौराहे के पास गरीब किसान मजदूर युवा महासम्मेलन में भी शिरकत करेंगे।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में संवाददाताओं से हुई बातचीत के दौरान फूलपुर के सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने जिलाध्यक्ष रामरक्षा द्विवेदी और नगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय की मौजूदगी में बताया कि ऊर्जा मंत्री दो दिवसीय दौरे पर एक फरवरी को इलाहाबाद पहुंच रहे हैं। यहां मेजा एनटीपीसी पावर प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने के बाद एक फरवरी को शहर पश्चिमी विधानसभा के डाही नुमाया, फाफामऊ विधानसभा के पटेल नगर चौराहा, सोरांव विधानसभा के मेवा लाल इंटर कालेज, फूलपुर विधानसभा के हनुमानगंज में दीन दयाल ग्राम ज्योति योजना और इटीग्रेटेड पावर डेवलप स्कीम की शुरूआत करेंगे। दो फरवरी को भी वह अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। दो फरवरी का मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड में आयोजित है। यहां वह मजदूर युवा महासम्मेलन में शामिल होंगे।