मौसम की दगाबाजी बिजली विभाग पर भारी पड़ रही है। ओवरलोडिंग से कही सीटी खराब हो रही है तो कहीं ट्रंासफार्मर फुंक जा रहे हैं। सोमवार को जानलेवा उमस में शहरियों को जबरदस्त बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। कई घंटे की बिजली कटौती से आक्रोशित छात्रों ने इंडियन प्रेस चौराहे पर जबरदस्त हंगामा किया। लाठी-डंडों से लैस छात्रों ने चौराहे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की कतारें लग गईं। चक्का जाम में नीली, लाल बत्ती लगी कई अधिकारियों की गाड़ियां भी फंस गईं। छात्रों के चक्का जाम और यातायात बाधित होने की जानकारी पाकर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित छात्रों को जैसे तैसे समझा बुझाकर स्थिति को संभाला। आखिरकार पुलिस ने विभागीय अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर आपूर्ति बहाल करवायी उसके बाद ही स्थिति को सामान्य किया जा सका। हंगामा कर रहे छात्रों का कहना है कि बिजली कटौती की जानकारी विभागीय अधिकारियों को कई बार दी, लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। बिजली कटौती के चलते उन्हें पानी की किल्लत से जूझना पड़ा।
दूसरी ओर शहर पश्चिमी के कसारी मसारी सब स्टेशन में करंट ट्रांसमीटर (सीटी) में तकनीकी खराबी आने से सायं सात से दस बजे तक आपूर्ति बाधित रही। आपूर्ति बंद होने की वजह से झलवा, धुस्सा, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, चकिया जैसे कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में सीटी में आयी तकनीकी खामी को दूर कर जैसे ही आपूर्ति बहाल की गई, दोबारा खराबी आ गई। बिजली कटौती के बाद सब स्टेशन पर पहुंचे कुछ लोगों ने हंगामा भी किया। समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति को बहाल नहीं किया जा सका था।