पड़ोसी जनपद रीवा के चाकघाट इलाके में बुधवार दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। उनमें ममेरे और फुफुरे भाई का रिश्ता था। मृतकों में एक युवक घूरपुर का रहने वाला है जो अपने ममेरे भाई के साथ बाइक पर चाकघाट बाजार गया था। इस अनहोनी की जानकारी घूरपुर में परिवार के लोगों को मिली तो वे रोते-बिलखते चाकघाट पहुंचे।
घूरपुर में कंजासा गांव निवासी हुबलाल के चार पुत्रों में लालचंद्र (32) दूसरे नंबर पर था। वह नाविक था। मंगलवार को वह नारीबारी इलाके के छतरगढ़ बैरिहा में अपने मामा राधेश्याम के घर गया था। बुधवार दोपहर वह ममरे भाई रामचंद्र (45) के साथ चाकघाट बाजार गया। दोपहर बाद करीब तीन बजे वे दोनों बाइक पर घर लौटते समय चंदई गांव पहुंचे जहां सामने से आ रहे ट्रक ने उन दोनों को रौंद दिया।
लालचंद्र और रामचंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहां भीड़ लगी तो चाकघाट पुलिस पहुंची। शाम को यहां लालचंद्र के परिजनों को खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। भाइयों समेत परिवार के कई लोग चाकघाट रवाना हो गए। लालचंद्र की पत्नी, चार बेटियों और दो बेटों पर अब मुसीबत टूट पड़ी है।