फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंद रहा सलोरी बाजार, 62 उपद्रवी गए जेल

Thu, 26 Nov 2015 11:59 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
सलोरी इलाके में बुधवार रात हुए किराएदारी के विवाद में हुए बवाल के बाद रात में पुलिस मुस्तैदी के बीच शांति रही लेकिन सुबह फिर आगजनी कर दी गई। कुछ साइकिलों को आग के हवाले कर दिया गया। इस एक घटना के अलावा स्थिति नियंत्रित रही। हालांकि दुकानों की बंदी तथा पुलिस-पीएसी और आरएएफ की तैनाती के चलते इलाके में माहौल में तनाव बना रहा। आमतौर पर लोगों ने घर से निकलने से परहेज किया। पुलिस अफसरों ने फोर्स के साथ सुबह और शाम को इलाके में पैदल मार्च किया। इस उत्पात में पुलिस ने 62 युवकों को गिरफ्तार किया है जिन्हें शांति भंग की धारा में चालान किए जाने पर नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां की जाएंगी।
विज्ञापन


लॉज के कमरे का बढ़ा किराया नहीं देने पर खाली करने के लिए कहने पर भड़के छात्रों ने बुधवार शाम सलोरी में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के पास चक्काजाम किया और पुलिस ने लाठियां पटकीं तो भारी बवाल काटा। जीप, गुमटियां, ठेले जला दिए, एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां, दुकानें, एटीएम तोड़ डाले। पुलिस फोर्स पर जबरदस्त फायरिंग और पथराव किया जिसमें सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार और सीओ बैरहना दुर्गा प्रसाद तिवारी जख्मी हो गए। इसके बाद आईजी, डीआईजी, एसएसपी और कई एएसपी के नेतृत्व में जिले भर की पुलिस फोर्स और पीएसी ने स्थिति संभाली। पुलिस ने इस उपद्रव में सात युवकों को शुरूआत में ही पकड़ लिया था। फिर रात भर मकानों-लॉज में छापे मारकर 55 और युवकों और छात्रों को पकड़ लिया।

 रात भर पुलिस की मौजूदगी में शांति बनी रही। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे सलोरी के संगम चौराहे पर कई साइकिलों में आग लगा दी गई। खबर मिली तो फौरन पुलिस दस उधर पहुंच गया। दमकल दस्ते ने आग बुझा दी। इसके बाद पुलिस अफसरों ने पीएसी-आरएएफ और पुलिस फोर्स के साथ इलाके में फ्लैग मार्च कर माइक के जरिए चेतावनी दी कि अगर अराजकता फैलाने की कोशिश की गई तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
विज्ञापन


पूरे इलाके में जगह-जगह पुलिस-पीएसी और आरएएफ की टुकड़ियों की तैनाती के चलते माहौल शांत रहा लेकिन बाजार बंद होने और लोगों के घरों में दुबके रहने से तनाव भी बना रहा। दिन भर एसपी सिटी राजेश यादव खुद कई सीओ के साथ ईश्वर शरण चौकी पर डटकर स्थिति पर नजर बनाए रहे। पुलिस ने गिफ्तार सभी 62 उपद्रवियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जहां से उन्हें नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया गया। शाम पांच बजे एसपी सिटी ने कई सीओ, इंस्पेक्टर समेत थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी, आरएएफ बल के साथ फिर पैदल मार्च किया। पुलिस रात भर मुस्तैद रही।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें