उच्च शिक्षा में विज्ञान, गणित एवं टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अभिरुचि बढ़ाने के लिए सीबीएसई स्कूली स्तर पर आविष्कार क्विज के जरिए छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच देगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत स्कूलों में आविष्कार क्विज का आयोजन करेगा। इसमें छात्र-छात्राओं ऑन लाइन परीक्षा के जरिए परखा जाएगा।
सीबीएसई ने प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के बच्चों के लिए अलग-अलग क्विज कराने का फैसला किया है। इसमें छह से लेकर 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की विज्ञान, गणित एवं टेक्नोलॉजी के प्रति लगाव विकसित किया जाएगा। सीबीएसई की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि बच्चों का आकलन उनकी ओर से किए गए प्रैक्टिकल, मॉडल, ड्राइंग के आधार पर किया जाएगा। बोर्ड का मानना है कि इसके जरिए बच्चों की आंतरिक क्षमता को बाहर लाया जा सकेगा। ऐसे में बच्चा कक्षा एवं कक्षा के बाहर अपनी प्रतिभा दिखा सकेगा।
बच्चों की प्रतिभा को परखने के लिए पहले स्कूल और बाद में राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। स्कूल स्तर पर शुरू हो रही है, जबकि स्कूलों से चुने गए छात्रों की राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन प्रतियोगिता 23 जुलाई को होगी। इसके लिए प्रतियोगिता को अलग-अलग वर्ग में बांटा गया है। इसमें स्कूल स्तर पर फेस-टू-फेस कंपटीशन होगा, जबकि दूसरे चरण में ऑन लाइन क्विज का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए स्कूल के प्रधानाचार्यों को बच्चों को तैयार करने का निर्देश दिया गया है।