इलाहाबाद। शहर के लोगों और पुलिस के लिए पेशेवर अपराधियों की बजाय नई उम्र के छोकरे मुसीबत बन गए हैं। बिगड़ैल लड़कों ने लूट-छिनैती की ताबड़तोड़ वारदातें अंजाम देकर पुलिस-पब्लिक की नाक में दम कर दिया है। रोज ही शहर में झपटमारी हो रही हैं और पुलिस का कहना है कि ज्यादातर घटनाएं स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले या छोटी-मोटी नौकरी करने वाले युवक कर रहे हैं। पिछले एक महीने में पुलिस ने छिनैती-लूट में ऐसे ग्यारह लड़कों को गिरफ्तार किया तो पता चला कि अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए वे पैसे जुटाने की खातिर अपराध का रास्ता पकड़ लिया।
इधर कुछ अरसा से शहर में कोई दिन ऐसा नहीं जाता जिस रोज छिनैती की दो या तीन घटना न होती हो। महिलाओं से चेन और पर्स छीने जा रहे हैं तो पुरुषों से भी राह चलते मोबाइल फोन की छिनैती हो रही है। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस पेशेवर अपराधियों की धरपकड़ और निगरानी करती है तब भी वारदातों पर अंकुश नहीं लग पाता। पिछले एक महीने के दौरान छिनैती के मामले में सिविल लाइंस, जार्जटाउन पुलिस और क्राइम ब्रांच ने ग्यारह युवकों को गिरफ्तार किया जिनका पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं था। सिविल लाइंस पुलिस ने तीन युवकों को पकड़कर छिनैती के 13 मोबाइल फोन बरामद किए।
इनमें एक युवक की मां आंगनबाड़ी में काम करती है जबकि वह इंटर तक पढ़ाई के बाद बिगड़ैल लड़कों की सोहबत में बिगड़ गया। बाकी दो युवकों में एक आईटीआई का छात्र था जबकि दूसरा किसी फर्म में नौकरी करता था। इसके कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच ने छिनैती करने वाले गिरोह के पांच युवकों को पकड़ा था जबकि झपटमारी करने वाले तीन अन्य युवकों को जार्जटाउन पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि रोज शराब-बीयर का नशा करने, महंगे कपड़े, जूते, मोबाइल फोन, होटलों-रेस्टोरेंट में खाने-पीने, गर्लफ्रेंड और दोस्तों के साथ फिल्म, मौजमस्ती के लिए पैसों की खातिर लूट-छिनैती करने लगे। अपनी बुरी आदतों और शाहखर्ची के लिए परिवार से इतने पैसे मिलते नहीं सो बिगड़ैल युवकों ने दूसरा रास्ता अपनाया।
वे बाइक पर घूमने निकलते, कहीं मौका पाकर महिलाओं के गले से चेन, हाथ से मोबाइल-पर्स छीनते और भाग जाते। लूटी गई चेन और मोबाइल बेचकर वे रोज अय्याशी करते। एसपी सिटी राजेश यादव के मुताबिक, छिनैती की घटनाओं को रोकने में पुलिस को भरसक कोशिश के बावजूद कामयाबी इसी वजह से नहीं मिल पा रही कि ऐसी घटनाएं करने वाले वे युवक हैं जिन पर किसी को शक भी नहीं होता। बड़ी समस्या यह है कि ऐसे दर्जनों युवक छिनैती और चोरी जैसी घटनाएं कर रहे हैं। उन पर काबू पाने के लिए पुलिस वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध नजर आने वाले युवकों से पूछताछ करती है। खासतौर से पावर बाइक पर घूमने वाले युवकों को रोककर उनके बारे में छानबीन होती है।
छिनैती की घटनाएं हर वक्त और किसी भी इलाके में हो रही हैं। भोर में टहलने निकली महिलाएं और आधी रात बाद बाइक या रिक्शा पर घर लौट रहे लोग छिनैती का शिकार हो रहे हैं। पहले आमतौर पर सिविल लाइंस, जार्जटाउन, कैंट इलाके की चौड़ी सड़कों पर सुनसान में ही छिनैती होती थी मगर अब तो अल्लापुर, प्रीतम नगर, राजरूपपुर और कीडगंज की घनी आबादी के बीच झपटमारी की वारदातें हो रही हैं।