इलाहाबाद(ब्यूरो)। पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत सोमवार को यमुनापार के पांच ब्लॉकों में ग्राम प्रधान पद के लिए 1181 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 413 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया गया। नामांकन के दौरान ब्लॉक मुख्यालयों में गहमागहमी का माहौल रहा। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई जगह धक्का-मुक्की भी हुई। ज्यादातर ब्लॉकों में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर खानापुरी हुई, सो पुलिस फोर्स भी मूक दर्शक बनकर खड़ी रही। तमाम लोग नामांकन स्थल तक असलहे लेकर भी पहुंचे लेकिन किसी ने उन्हें टोका तक नहीं।
पहले चरण के तहत सोमवार को मेजा, उरुवा, कोरांव, करछना एवं मांडा ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 405 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 5261 पदों के लिए नामांकन हुआ। ग्राम प्रधान के लिए कुल 1181 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। सबसे अधिक नामांकन करछना ब्लॉक में हुए। ग्राम प्रधान के 80 पदों के मुकाबले 396 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए जबकि ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 150 ने पर्चे भरे। करछना में ही सबसे अधिक गहमागहमी भी रही। नामांकन कक्ष तक पहुंचने के लिए प्रत्याशियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रस्तावकों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी पहुंच गए। इसी वजह से वहां जमकर धक्का-मुक्की हुई और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। इसके अलावा मेजा में 241 एवं 55 उम्मीदवारों, उरुवा में 185 एवं 29, कोरांव में 242 एवं 134 और मांडा में 117 एवं 45 उम्मीदवारों ने क्रमश: ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन कराया। पहले चरण के तहत मंगलवार को नामांकन का दूसरा एवं अंतिम दिन होगा, सो 17 नवंबर को ब्लॉक मुख्यालयों में भीड़ और अधिक होगी। नामांकन पत्रों की जांच 18 एवं 19 नवंबर, नाम वापसी एवं चुनाव चिह्न आवंटन 20 नवंबर और मतदान 28 नवंबर को होगा।