एसएसपी ने क्राइम कंट्रोल की बजाय मठाधीशी कर रहे थानेदारों पर कार्रवाई करते हुए शनिवार रात 25 इंस्पेक्टर और दरोगाओं का तबादला करते हुए 14 थाना प्रभारी बदल दिए। इनमें सात थानेदारों को पैदल कर दिया गया। थानेदारों के बदलाव के इस आदेश के तहत कई दरोगाओं को थाने का चार्ज भी दिया गया। एसएसपी ने साफ चेतावनी दी है कि काम की बजाय जुगत भिड़ाकर थानेदारी करने वाले अब सुधर जाएं।
एसएसपी केएस इमैनुएल ने करीब दस साल से इलाहाबाद में जमे रहकर चौथी बार नैनी की थानेदारी पाने वाले इंस्पेक्टर इंद्रजीत चतुर्वेदी, प्रतापगढ़ तबादला होने के बाद डीआईजी से तीन महीने के लिए इलाहाबाद से संबद्धता का आदेश लेकर मेजा के थानेदार बने सुरेश कुमार सैनी, मुंडेरा गोलीकांड के बाद जनता की मांग के मद्देनजर धूमनगंज थानाध्यक्ष जेपी राय, झूंसी थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, अतरसुइया थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, शिवकुटी एसओ संतोष कुमार शर्मा, शंकरगढ़ के थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह यादव को लाइन हाजिर कर दिया।
हंडिया से इंस्पेक्टर एमएस देव को थाना प्रभारी धूमनगंज, जार्जटाउन इंस्पेक्टर राजकुमार पांडेय को थाना प्रभारी नैनी, कैंट एसओ शंभूनाथ तिवारी को थानाध्यक्ष जार्जटाउन, लालापुर एसओ वशिष्ठ यादव को थानाध्यक्ष शंकरगढ़, कीडगंज थाना प्रभारी प्रेम नारायण मिश्र को थाना प्रभारी मेजा, करेली से इंस्पेक्टर रामदरश यादव को थाना प्रभारी झूंसी, कोतवाली के एसएसआई सुनील दत्त राय को थानाध्यक्ष करेली, अपने पीआरओ उमेश कुमार सिंह को थानाध्यक्ष कीडगंज, एयरपोर्ट सुरक्षा से इंस्पेक्टर राजहंस शुक्ला को थाना प्रभारी कैंट, चौकी प्रभारी एग्रीकल्चरल पीके राय को थानाध्यक्ष शिवकुटी, औद्योगिक क्षेत्र एसओ गजानंद चौबे को थानाध्यक्ष अतरसुइया, करमा चौकी प्रभारी कमलेश कुमार यादव को थानाध्यक्ष लालापुर और पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक बृजेश कुमार द्विवेदी को पीआरओ एसएसपी बनाया गया है। क्राइम ब्रांच से इंस्पेक्टर चंद्रदेव सिंह यादव को प्रभारी एयरपोर्ट सुरक्षा और धूमनगंज थाने के एसएसआई जुल्फिकार अली को पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके अलावा धूमनगंज थाने से दरोगा राजेंद्र बहादुर सिंह को एयरपोर्ट सुरक्षा में भेजा गया, जबकि हनुमानगंज चौकी प्रभारी अखिलेश्वर मिश्र को लाइन हाजिर किया गया।