इलाहाबाद। दीपावली का पर्व मनाने के बाद शुक्रवार को इलाहाबाद जंक्शन पर भीड़ का रेला उमड़ गया। रूट चाहे दिल्ली का हो या फिर मुंबई का। इलाहाबाद से गुजरने वाली सभी रूट की ट्रेनें यात्रियों से ठसाठस रहीं। दोपहर बाद जंक्शन पर भीड़ ऐसी बढ़ी कि शाम तक तिल रखने की भी जगह नहीं बची। प्रयागराज, संगम, नौचंदी, रीवां सुपरफास्ट, पुरुषोत्तम, इलाहाबाद-जयपुर एक्सप्रेस समेत जंक्शन से गुजरने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में आज लंबी प्रतीक्षा सूची रही। कुछ ट्रेनों के कोचों में दरवाजे में यात्री लटककर रवाना हए। दीपावली की वापसी भीड़ का आलम यह है कि इस माह प्रयागराज एक्सप्रेस की किसी भी श्रेणी में यात्रियों को कंफर्म रिजर्वेशन नहीं नसीब होने वाला। नवंबर माह के बचे हुए सभी दिनों में प्रयागराज यात्रियों से पैक है।
पांच दिवसीय दीपपर्व दीपावली का समापन शुक्रवार को भइयादूज के साथ होते ही ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई। आलम यह रहा कि शुक्रवार को प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में प्रतीक्षा सूची 750 के पार रही। इसके थर्ड एसी में भी प्रतीक्षा सूची 300 के आसपास रही, जबकि सेकंड एसी में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 200 तक पहुंच गया। ट्रेन में लंबी प्रतीक्षा सूची से रेलवे अफसर भी हैरत में थे। यही स्थिति दिल्ली जाने वाली 12427 रीवां सुपरफास्ट, 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, 12559 शिवगंगा एक्सप्रेस, 12397 महाबोधि एक्सप्रेस, 14055 ब्रह्मपुत्र मेल आदि ट्रेनों की भी रही। इलाहाबाद से मुंबई रूट की तरफ जाने वाली 11093 महानगरी, 12321 मुंबई मेल, 15017 काशी एक्सप्रेस, 11072 कामायनी आदि ट्रेनों की भी सभी श्रेणियों में लंबी प्रतीक्षा सूची रही। शाम को इलाहाबाद से रवाना हुई नौचंदी और संगम एक्सप्रेस में भीड़ का आलम यह रहा कि उसके कोचों के दरवाजे में लटककर यात्री यहां से रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार को भी इलाहाबाद से गुजरने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें यात्रियों से ठसाठस है। अधिकांश ट्रेनों में इस माह की किसी भी तारीख में कंफर्म बर्थ उपलब्ध नहीं है।