मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक विभाग में डिप्लोमा की तीन सीटें बहाल हो सकती हैं। इसके लिए कॉलेज प्रशासन की पहल पर मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) की एक सदस्यीय टीम ने सोमवार को आर्थोपेडिकल विभाग का दौरा किया। इसके साथ उसने कई और विभागों में भी बुनियादी व्यवस्थाएं देखी।
कॉलेज के आर्थोपेडिक विभाग के साथ गॉयनी, पिडियाट्रिक सहित कई और विभागों में दो साल पहले मानकों के न पूरा होने पर प्रदेश सरकार ने डिप्लोमा सीटों पर प्रवेश पर रोक लगा दी।
मेडिकल प्रशासन कॉलेज में पीजी सीटों को बढ़ाना चाहता है। इसके लिए वह बुनियादी सुविधाओं को और बढ़ा रहा है। पीजी सीटों के साथ अब वह सभी विभागों में डिप्लोमा सीटों को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। प्रदेश सरकार भी ऐसा ही चाहती है। आर्थोपेडिक विभाग में उसने पहले अपनी बुनियादी सुविधाओं को बहाल करके उसने इसकी मान्यता के लिए एमसीआई को पत्र लिखा था। इसके बाद एमसीआई की एक सदस्यीय टीम ने सोमवार को कॉलेज का दौरा किया। टीम पहले आर्थोपेडिकल विभाग गई। वहां की ओपीडी, ओटी और वार्ड देखे। इसके बाद आईसीयू, पैथालॉजी, रेडियोलॉजी वार्ड भी गई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय में रिकार्डों को चेक किया।