गर्मी का झटका अभी से ही खाने को तैयार हो जाइए। सूरज ने फरवरी में ही अपना सातवां घोड़ा दौड़ा दिया है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान फरवरी में नए रिकार्ड बना रहा है। इसके लगातार चढ़ने से लोग गर्म कपड़े पहनना भूल गए हैं। राम में सोने के लिए उन्हें पंखे चलाना पड़ रहा है। मौसम के इस चाल से लोग हैरान हैं। उन्हें माघ में ही फाल्गुन जैसा एहसास हो रहा है। मौसम विज्ञानी कहते हैं कि इस बार गर्मी ठंड की चाल (देर से शुरू हुई) नहीं चलेगी। वह पहले ही चली आएगी। शुक्रवार को तापमान भी नए रिकार्ड बनाया।
मौसम विभाग के रिकार्ड के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान भी 32 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। यह औसत से पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक बताया जा रहा है जबकि न्यूनतम तापमान भी औसत से तीन डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह एक दिन पहले के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसमें एक दिन पहले के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़त रही।
19 फरवरी को ही तापमान के इतनी ऊंचाई पर पहुंचने से लोग शुक्रवार को हल्के कपड़े में नजर आए। कार्यालयों में बिना एसी चलाए बैठना मुश्किल हो गया। घरों में भी लोग पंखे चलाकर बैठे रहे। मौसम विज्ञानी प्रो. अनुपम पांडेय कहते हैं कि अब तापमान नीचे आना मुश्किल है। हालांकि बीच-बीच मेें तापमान के चढ़ने से स्थानीय मौसम में उठापटक हो सकती है। बीच-बीच में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है लेकिन गर्मी ने अभी से दस्तक दे है।