आज जंक्शन पर सभी ट्रेनों के ठहराव की मांग करेंगे सांसद
जीएम एनसीआर के समक्ष अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं उठाएंगे 29 सांसद
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन भले ही देश के प्रमुख स्टेशनों में शुमार हो लेकिन यहां अब भी 16 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव नहीं है। यह हाल तब है कि जब यहां रेलवे के दो महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय समेत तमाम प्रदेश स्तरीय कार्यालय है। ए वन ग्रेड का दर्जा प्राप्त इलाहाबाद जंक्शन पर इन्हीं 16 ट्रेनों के ठहराव की मांग का मुद्दा शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जीएम राजीव चौधरी के समक्ष स्थानीय जनप्रतिनिधि उठाने जा रहे हैं।
इलाहाबाद जंक्शन पर हर रोज 250 से ज्यादा ट्रेनों की आवाजाही है। बावजूद इसके यहां भुवनेश्वर राजधानी, सियालदाह राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा दुरंतो आदि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं है। जबकि इन सभी ट्रेनों का ठहराव छोटे से शहर मुगलसराय (अब पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन) पर जरूर है। शुक्रवार को जीएम एनसीआर और इलाहाबाद मंडल के अधीन आने वाले लोकसभा के 20 एवं राज्यसभा के नौ सांसदों की बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक में सांसद केशरी देवी पटेल ने संगम नगरी के प्रमुख स्टेशन इलाहाबाद जंक्शन पर सभी ट्रेनों के ठहराव की मांग करने की बात कही है। इसके अलावा बैठक में मुंबई दुरंतो के फेरे बढ़ाने, सूबेदारगंज स्टेशन का नामकरण प्रयागराज कैंट करने, हमसफर में स्लीपर कोच बढ़ाने समेत तमाम मांगें रखी जा सकती हैं। सांसद रीता बहुगुणा जोशी, राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह के साथ अन्य सांसद भी अपने-अपने क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव जीएम एनसीआर एवं अन्य अफसरों के समक्ष रखेंगे।