जगह-जगह लगाए गए पोस्टर, होर्डिंग्स, मोबाइल पर भेजे जा रहे मैसेज
मार्च में होने हैं चुनाव, वार्षिक बैठक में तय होंगे चुनाव अधिकारी और तिथि
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के मार्च में होने वाले चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमाने लगा है। हाईकोर्ट के आसपास बड़ी संख्या में पोस्टर और बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स दावेदारों की ओर से लगा दी गईं हैं। इसमें अध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न पदों की दावेदारी की गई है। दावेदार अपने प्रचार-प्रसार के लिए फेसबुक, व्हाट्सएप सहित सोशलमीडिया के और भी प्लेटफार्मों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक अपने पोस्टर की फोटो के साथ गुडमार्निंग और गुडइविनिंग का संदेश भेजकर मतदाताओं को रिझाने की कोशिश की जा रही है।
बार एसोसिएशन का चुनाव मार्च के अंतिम दिनों में होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए चुनाव तिथि की घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन, दावेदारों की ओर से संपर्क शुरू हो गया है। हाईकोर्ट के अंदर दावेदार अधिवक्ताओं के चैंबर में बैठक कर न केवल अपने लिए वोट करने के लिए गुजारिश कर रहे हैं बल्कि अपनी जीत का सियासी समीकरण भी लगा रहे हैं। हालांकि अध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न पदों पर कितने दावेदार होंगे। अभी यह कुछ तय नहीं है लेकिन दावेदार जोरअजमाइश में लगे हैं। कहा जा रहा है कि अध्यक्ष, महामंत्री सहित अन्य पदों पर कुछ पुराने पदाधिकारी और कुछ नए लोग दोवदारी कर सकते हैं। संपर्क अभियान का नजारा कोर्टों के बाहर भी देखा जा सकता है। कई दावेदार तो ऐसे हैं, जिनकी बधाइयों का मैसेज भी मोबाइल पर आ रहे हैं।
मोबाइल से आने वाले मैसेज के लिए आईटी एक्सपर्ट्स का सहारा लिया जा रहा है। हाईकोर्ट परिसर के बाहर पार्किंग और कोर्ट की बाहरी दीवालों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स, पोस्टर लगा दिए गए हैं। कोई अध्यक्ष की दावेदारी कर रहा है तो कोई उपाध्यक्ष का। व्ह्वाट्सएप पर भी दोवेदारों ने ग्रुप बना रखा है। सुबह होते ही सबसे पहले गुड मार्निंग के संदेश भेजे जा रहे हैं। कई दावेदारों ने अधिवक्ताओं के लिए कार्यक्रम आयोजित कर संपर्क बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को दीं नए वर्ष की शुभकामनाएं
प्रयागराज। शीतकालीन अवकाश के बाद हाईकोर्ट के खुलने पर अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को नए साल की बधाइयां देते नजर आए । अधिवक्ता एक-दूसरे के चैंबरों में भी गए। सीनियर अधिवक्ताओं से आशीर्वाद लिया। नए साल के स्वागत में मिठाइयां भी खिलाईं गईं। न्यायमूर्तियों की ओर से भी अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को बधाइयां दी गईं। कोर्टों के नोटिस बोर्ड पर भी नए वर्ष का बधाई संदेश लगा नजर आया। कर्मचारियों ने भी एक-दूसरे को नए वर्ष की बधाइयां दी। परिसर केबाहर नए साल सहित विभिन्न पर्वो की मंगलकामना का पोस्टर अधिवक्ताओं की ओर से लगाया गया है।