फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी : मेडिकल कॉलेज प्रोफेसर भर्ती की निष्पक्षता पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल, जांच का दिया आदेश

Sun, 29 Nov 2026 06:15 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

उत्तर प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर भर्ती की चयन प्रक्रिया पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने चयनित अभ्यर्थियों और साक्षात्कार लेने वाले परीक्षकों की जांच के साथ आयोग से जवाब तलब किया है।

विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज प्रोफेसर। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर भर्ती की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए चयनित अभ्यर्थियों और परीक्षकों की जांच का आदेश दिया है। प्रदेश के मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों में नियमित डॉक्टरों व शिक्षकों की भारी कमी और संविदा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन की एकल पीठ ने श्रीनिवासन गांधी की याचिका पर यह आदेश दिया है।

विज्ञापन


कोर्ट ने कहा कि आयोग के हलफनामे में परीक्षकों की नियुक्ति के मानदंड और उनकी निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उपायों का खुलासा नहीं किया गया है। आयोग को बताना होगा कि साक्षात्कार लेने वाले विशेषज्ञों से यह घोषणा ली गई थी या नहीं कि उनका अभ्यर्थियों से कोई ऐसा संबंध नहीं है, जिससे उनके निर्णय प्रभावित हो सकते हों।

कोर्ट ने निर्देश दिया कि चयनित अभ्यर्थियों के खिलाफ उनके मूल संस्थानों में किसी तरह की अनुशासनात्मक जांच या कदाचार का मामला लंबित है या नहीं, इसकी जानकारी ली जाए। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (प्रक्रिया विनियमन) अधिनियम के तहत ऐसे व्यक्ति की नियुक्ति नहीं होनी चाहिए, जिसे कदाचार का दोषी पाया गया हो। ऐसी स्थिति सामने आने पर आयोग अपनी सिफारिश पर पुनर्विचार करे। परीक्षक के खिलाफ आरोप सही पाए जाने पर उसे चयन प्रक्रिया से अलग करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

विज्ञापन
Trending Videos

कोर्ट ने आयोग से पूछे सवाल

कोर्ट ने आयोग से यह भी पूछा कि वर्ष 2021 में भेजे गए भर्ती अधियाचन के बावजूद ई-रिक्विजिशन संबंधी शासनादेश का हवाला देकर भर्ती प्रक्रिया क्यों रोकी गई। यह आदेश पूर्वव्यापी है या भविष्यलक्षी। आयोग के सचिव को अगली सुनवाई पर परीक्षकों के अभिलेखों और उनसे लिए गए घोषणापत्रों के साथ उपस्थित होने की चेतावनी दी गई है। सरकारी अधिवक्ता ने कहा कि आयोग की सिफारिशों को फिलहाल प्रभावी नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष को भी पक्षकार बनाया है। उन्हें याचिका और आदेश-पत्र (ऑर्डर-शीट) की एक प्रति देने का निर्देश दिया गया, ताकि वे अदालत द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे सकें।

संविदा पर नियुक्त कर्मचारियों को बनाया गया है विभागाध्यक्ष

कोर्ट ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में विभागाध्यक्षों का काम भी बड़ी संख्या में एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर संभाल रहे हैं। कई विभागों में संविदा पर नियुक्त कर्मचारियों को विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। एक संविदा कर्मचारी को हटाकर दूसरे संविदा कर्मचारी की नियुक्ति किए जाने के खिलाफ लगातार याचिकाएं दाखिल हो रही हैं। कोर्ट ने कहा कि ऐसी परिस्थितियां नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने के कारण पैदा हो रही हैं।

कोर्ट ने पाया कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और नर्सिंग कॉलेजों में 500 से अधिक लोग संविदा पर काम कर रहे हैं। नियमित पदों की संख्या बेहद कम है। करीब 25 प्रतिशत पदों पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य व्यवस्था संभाल रहे हैं। प्रोफेसरों के कुल 517 स्वीकृत पदों में 108 सीधी भर्ती से भरे जाने हैं, लेकिन इनमें केवल 26 पर ही नियुक्तियां हुई हैं। सरकार के अनुसार 35 पदों के लिए अधियाचन भेजा गया है, जबकि 44 पदों का विज्ञापन जारी किया जा चुका है।
विज्ञापन

भर्ती बोर्ड गठित नहीं होने पर सरकार से जवाब तलब

कोर्ट ने 30 जनवरी 2026 को विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल शिक्षकों की भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स एंड मेडिकल टीचर्स रिक्रूटमेंट बोर्ड गठित करने संबंधी अधिसूचना जारी होने के बावजूद अब तक बोर्ड का गठन नहीं होने पर नाराजगी जताई। सरकार ने विधानसभा का सत्र नहीं चलने के कारण अध्यादेश लाने का मसौदा तैयार होने की जानकारी दी, लेकिन इसके गठन की समय सीमा नहीं बताई। कोर्ट ने इसे महज औपचारिक जवाब बताते हुए सरकार से ठोस समय सीमा मांगी है। साथ ही पूछा है कि संविदा पर नियुक्त डॉक्टरों को निजी प्रैक्टिस की अनुमति है या नहीं। मामले की अगली सुनवाई आठ दिसंबर को दोपहर दो बजे होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें