धूमनगंज में पार्टी के बहाने बुलाकर 22 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के तीनों आरोपी चिह्नित कर लिए गए हैं। इनमें से एक युवती का ब्वॉयफ्रेंड है, जो उसे दोस्त की बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर ले गया। इसके बाद शराब मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर अपने दोस्तों संग सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस देर रात तक उनकी तलाश में जुटी थी।
बेनीगंज निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में उसका दोस्त आशिफ, उसका दोस्त शाबू व एक अन्य शामिल थे। पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया है कि आशिफ ने उसे घटना वाले दिन सुबह फोन कर अपने साथ फोटोशूट के लिए चाकघाट फाल पर चलने को कहा था। दोपहर एक बजे के करीब आशिफ का दोस्त उसके घर के पास आया और फिर उसे गाड़ी में बिठाकर सुलेमसराय ले गया।
जहां आशिफ ने दोस्त की बर्थडे पार्टी की बात कहकर अपने दोस्तों के पास ले गया और फिर धोखे से शराब मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दोस्तों संग मिलकर दरिंदगी की। इंस्पेक्टर अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि तीनों आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है। मुख्य आरोपी आशिफ धूमनगंज का ही रहने वाला है। तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।