प्रयागराज। आर्मी के साथ नौसेना और वायु सेना के रिटायर्ड अफसरों तथा सैनिकों को सीडीए से पेंशन मिलेगी। इतना ही नहीं पेंशन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इस प्रक्रिया से पेंशनर्स की शिकायतें कम हाेंगी। कांप्रेहेंसिव पेंशन प्रोजेक्ट (सीपीपी) के तहत पेंशन को आनलाइन करने का काम अंतिम चरण में है। जनवरी के पहले सप्ताह में रक्षामंत्री राजनाथ से इसके उद्घाटन की तैयारी है।
1985 से पहले तीनों सेनाओं के रिटायर्ड सैनिकों को सीडीए से ही पेंशन मिलती थी, लेकिन इसके बाद व्यवस्था अलग-अलग हो गई। फिलहाल वायु सेना का मुख्यालय दिल्ली तथा नौसेना का मुंबई में है। अब फिर से तीनों सेनाओं के रिटायर्ड अफसरों और फौजियों की पेंशन सीडीए से मिलेगी। इसका मुख्यालय प्रयागराज में होगा। इसके अलावा नई व्यवस्था में पेंशन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। अभी रिटायर्ड कर्मियों की फाइल अलग-अलग दो कार्यालयों से होने के बाद सीडीए पहुंचती है। इसमें काफी वक्त लगता है, लेकिन अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। इस काम में टीसीएस की मदद ली जा रही है। अफसरों का कहना है कि इंटरनेट सेवा बाधित होने की वजह से काम प्रभावित हुआ था, लेकिन डाटा ऑनलाइन करने का काम अब अंतिम चरण में है। उनका कहना है कि अभी तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन तीन जनवरी को सीपीपी के उद्घाटन की तैयारी है।