कैंट स्टेशन पहुंचते ही उपचार में जुटी चिकित्सकों की टीम
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद जंक्शन पर अब सभी राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव होगा। रेलवे प्रशासन ने इसकी तैयारी की है। इसके लिए रेलवे बोर्ड को भी प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उत्तर मध्य रेलवे के अफसरों को भी उम्मीद है कि इलाहाबाद में अगले वर्ष आयोजित कुंभ और अन्य तमाम वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए रेल बोर्ड यहां से गुजरने वाली सभी राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मंजूरी मिल जाएगी। यहां दो-दो मिनट के लिए रांची, भुवनेश्वर और सियालदाह राजधानी का ठहराव होगा।
वर्तमान समय इलाहाबाद में पटना-नई दिल्ली, हावड़ा-नई दिल्ली और डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव है। इसके अलावा यहां से सियालदाह-नई दिल्ली, रांची-नई दिल्ली और भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी गुजरती है, लेकिन इन तीनों का यहां ठहराव नहीं है। लंबे समय से मांग की जा रही थी कि जंक्शन पर सभी राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव किया जाए। पिछले दिनों सांसदों के साथ हुई रेलवे अफसरों की बैठक में भी यह मुद्दा जोर शोर से उठा। फिलहाल उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। बताया जा रहा है कि अगले वर्ष लगने वाले कुंभ मेले को देखते हुए बोर्ड द्वारा एनसीआर के इस प्रस्ताव को हरी झंडी दिखा दिए जाने की उम्मीद है। इस बारे में डीआरएम एसके पंकज का कहना है कि उम्मीद है कि इस वर्ष जंक्शन पर सभी राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव हो जाएगा।