मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गिरि।
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान माघ मेले की रुकी हुई तैयारियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई। महंत नरेंद्र गिरि ने अफसरों की शिथिलता पर चिंता जताई। उन्होंने सीएम को बताया कि अब समय करीब आ गया है और तैयारियां कुछ भी नहीं हुई हैं। यही हाल रहा तो मेले में संतों, भक्तों और कल्पवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
मुलाकात के बाद महंत नरेंद्र गिरि ने सीएम से हुई बातचीत को साझा किया। उन्होंने बताया कि खास तौर से संगम की रेती पर हर साल लगने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कोरोना के संक्रमण के खतरे को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने परंपरागत तरीकेसे माघ मेला कराने का आश्वासन दिया है।
साथ ही सीएम ने साधु-संतों और श्रद्धालुओं से कोविड-19 की गाइड लाइन के पालन की भी अपील की है। ताकि, मेले में आने वाले श्रद्धालु यहां से पुण्य लेकर जाएं कोरोना का संक्रमण लेकर न लौटें। मंहत ने सीएम से शिकायत की कि अफसरों की शिथिलता से माघ मेले के नाम पर अभी तक कोई काम नहीं हो सका है। भूमि समतलीकरण की भी शुरुआत नहीं हो सकी है। ऐसे में यह ढ़िलाई परेशानी का कारण बन सकती है।