prayagraj news : प्रयागराज एयरपोर्ट।
- फोटो : prayagraj
प्रयागराज में वर्ष 2025 में लगने वाले कुंभ मेले के पूर्व एयरपोर्ट का विस्तार हो जाएगा। इतना ही नहीं, महाकुंभ के पूर्व प्रयागराज एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी दर्जा मिल जाएगा और यहां से कई देशों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। प्रयागराज एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा मिले इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्ताव भेजा जा रहा है। शनिवार को यह बातें सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहीं।
केशव ने कहा कि देश के घरेलू एयरपोर्ट में प्रयागराज को इस बार ग्राहक संतुष्टि मामले में 13 वीं रैंक मिली है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। यहां हवाई यात्रियों की संख्या में ंभी लगातार इजाफा हो रहा है। इसी वजह से आज कुंभ से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक में तय हुआ कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दर्जे के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बता दें कि अमर उजाला द्वारा एक सितंबर के अंक में ही कुंभ के पूर्व प्रयागराज से इंटरनेशनल फ्लाइट का संचालन शुरू किए जाने की खबर प्रकाशित की गई थी। शनिवार को प्रेसवार्ता में डिप्टी सीएम ने अमर उजाला की खबर पर अपनी मुहर लगाने के साथ ही कुंभ के पूर्व प्रयागराज एयरपोर्ट के विस्तार एवं यहां से इंटरनेशनल फ्लाइट के संचालन का प्रस्ताव भेजे जाने का एलान कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कुंभ के पूर्व प्रयागराज से कुछ और शहरों के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी है। प्रयास रहेगा कि देश के सभी महत्वपूर्ण शहरों की प्रयागराज से सीधी हवाई कनेक्टिविटी हो।