इंडिगो की मुंबई, दिल्ली की उड़ान डायवर्ट, 1200 से ज्यादा यात्री प्रभावित
विमानन कंपनी इंडिगो की दिल्ली-प्रयागराज, मुंबई-प्रयागराज उड़ान लखनऊ के लिए डायवर्ट कर दी गई। प्रयागराज-भुवनेश्वर, प्रयागराज-मुंबई और प्रयागराज-दिल्ली उड़ान इंडिगो ने निरस्त कर दी। वहीं, ब्लॉक हटने के बाद एलाइंस एयर की प्रयागराज-दिल्ली उड़ान यहां से टेकऑफ हुई। इसी तरह अकासा एयर की प्रयागराज से मुंबई एवं मुंबई से प्रयागराज उड़ान भी निरस्त कर दी गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। विमानों के निरस्तीकरण एवं डायवर्जन से तकरीबन 1200 यात्रियों के प्रभावित होने का अनुमान है।
एयरफोर्स का एक विमान रनवे पर निष्क्रिय (डिसेबल्ड) हो जाने के कारण खड़ा था। इसी वजह से एयरपोर्ट पर आने वाली कुछ उड़ानें निरस्त करनी पड़ी तो कुछ को डायवर्ट भी कर दिया गया। - मुकेश चंद्र उपाध्याय, निदेशक, प्रयागराज एयरपोर्ट
एक नियमित प्रशिक्षण मिशन पर गए लड़ाकू विमान ने एक ऑनबोर्ड इंडिकेशन के बाद प्रयागराज में एहतियातन लैंडिंग की। एयर क्रू और ग्राउंड स्टाफ ने स्थिति को पेशेवर तरीके से संभाला। इस वजह से यहां कोई हादसा नहीं हुआ। रनवे पर परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित तो हुआ लेकिन शाम पांच बजे सब सामान्य हो गया। - शांतनु प्रताप सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, रक्षा मंत्रालय