जानेमाने आर्य समाजी और सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश ने विधान सभा चुनाव में बिहार की तरह शराबबंदी को मुद्दा बनाने पर जोर दिया है। कहा, इस मुद्दे पर जनता सभी पार्टियों पर दबाव बनाए तो प्रदेश में काफी हद तक सुशासन आ जाएगा। उन्होंने यूपी विधान सभा चुनाव में किसी का समर्थन करने की बजाय कहा कि कोई भी दल निष्पक्ष नहीं है। फिर भी बीजेपी और बसपा की तुलना में सपा-कांग्रेस गठबंधन कुछ हद तक लोकतांत्रिक है। वह सोमवार को चित्रकूट से नई दिल्ली लौटते समय कुछ देर के लिए इलाहाबाद रुके थे।
सिविल लाइन्स के काफी हॉउस में बातचीत के दौरान उन्होंने मांग की कि मजदूरों को प्रति माह एक निश्चित धनराशि देय हो और गरीबों को सरकार की ओर से थोड़ी सी जमीन भी दी जाए। देश को उद्योगपतियों नहीं समाजकर्मियों को चलाना है। इसके लिए मीडिया को जनमत तैयार करना होगा। कहा, संविधान के 73वें संशोधन के मुताबिक देश में तीसरी सरकार (पंचायतीराज) व्यवस्था को प्रत्येक राज्य में लागू किया जाय जैसा अभी केरल और बंगाल में है।