शिक्षिका अनुभा श्रीवास्तव पति संजीव श्रीवास्तव के साथ। फाइल फोटो
- फोटो : prayagraj
पंचायत चुनाव में ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण में गए प्राथमिक शिक्षक संजीव कुमार श्रीवास्तव और केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका उनकी पत्नी अनुभा श्रीवास्तव संक्रमित हो गए। कोरोना के कारण संजीव की अप्रैल में ही मौत हो गई। अब मंगलवार की देर रात अनुभा की भी मौत हो गई। परिवार में दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। उनकी देखरेख के लिए संजीव के बुजुर्ग पिता के सिवा कोई नहीं बचा है। बच्चे इस समय अपनी मौसी के पास हैं।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय भरहा, करछना के सहायक अध्यापक संजीव कुमार श्रीवास्तव निर्वाचन ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण के दौरान संक्रमित हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई। पत्नी अनुभा भी संक्रमित थीं और नोएडा के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थीं। मंगलवार की देर रात अनुभा ने भी दम तोड़ दिया।
अनुभा केंद्रीय विद्यालय न्यू कैंट में प्राइमरी में शिक्षिका थीं। अनुभा के दोनों बच्चे क्रमश पांचवीं और पहली कक्षा में पढ़ते हैं।देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने पति-पत्नी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। वैचारिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.ज्ञान प्रकाश सिंह ने भी शोक जताया है।