दो शातिर दोस्तों ने यूपीकॉप एप से नैनी के लापता छात्र के बारे में जानकारी इकट्ठी की और घर वालों को फोन कर एक लाख की फिरौती मांग ली। फिरौती की बात सुनते ही घर वालों के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। दोनों दोस्तों को पकड़ लिया गया। उन्होंने पूरी कहानी बताई तो पुलिस भी हैरत में पड़ गई। जिस लापता छात्र के लिए उन्होंने एक लाख की रंगदारी मांगी थी, वह खुद ही घर पहुंच गया। दोनों आरोपियों को रंगदारी मांगने के आरोप जेल भेज दिया गया।
नैनी के गंगोत्रीनगर मोहल्ला निवासी हाईस्कूल का एक छात्र बीते 25 अगस्त को घर वालों से बिना बताए कहीं चला गया। उसकी खोजबीन शुरू हुई। 26 अगस्त को उसके मामा ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में भी दी। यूपी कॉप एप पर भी सूचना दर्ज कराई गई। पुलिस छात्र की खोजबीन में लगी थी। उसी दौरान छात्र के परिवार वालों के पास किसी अनजान नंबर से फोन आया। उन लोगों ने कहा कि छात्र उनके पास है। सलामती चाहते हो तो एक लाख रुपए का इंतजाम कर लो।