अतीक अहमद व उसके गुर्गों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद अतीक पर इसका कोई असर होता नहीं दिख रहा है। तभी तो अहमदाबाद जेल में बंद होने के बाद भी उसका खेल जारी है। गुजरात जेल भेजे जाने के बाद भी मुकदमों में नामजदगी से तो कम से कम यही साबित हो रहा है।
नैनी जेल में बंद अतीक पिछले साल तीन जून को गुजरात के अहमदाबाद जेल भेजा गया था। इससे पहले उसने लखनऊ के कारोबारी मोहित अग्रवाल व एक अन्य को अपहृत कर देवरिया जेल में ले जाकर पीटने का आरोप लगा था। माना यही जा रहा था कि सैकड़ों किमी दूर स्थित गुजरात की जेल में शिफ्ट होन के बाद उस पर शिकंजा कसा जा सकेगा। लेकिन इसके बाद भी उसका खेल बदस्तूर जारी है। इसी साल अप्रैल में अतीक पर हत्या के गवाह को धमकाने का मुकदमा लिखा गया।
आरोप लगा कि 2017 में हुए रवि पासी हत्याकांड के गवाह कसारी मसारी निवासी नबी अहमद को जेल में बंद अतीक व उसके गुर्गे तोता के इशारे पर घर में घुसकर उसके गुर्गों ने गवाही न देने के लिए धमकाया।
जेल में रहने के दौरान अतीक पर दूसरा मुकदमा एक दिन पहले जैद खालिद ने धूमनगंज थाने में दर्ज कराया जिसमें आरोप लगाया गया कि अतीक के इशारे पर उसके गुर्गों ने न सिर्फ मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया बल्कि 15 लाख की रंगदारी भी मांगी। जेल में रहने के दौरान भी अतीक पर धमकाने व रंगदारी मांगने के मामले दर्ज होने से साफ है कि उसका खेल अहमदाबाद जेल से भी चल रहा है।
फोन पर बातचीत का ऑडियो भी हुआ था वायरल
प्रयागराज। जेल के भीतर होने के बाद भी अतीक का रसूख कम न होने की बात पिछले साल दिसंबर में एक ऑडियो वायरल होने के बाद भी सामने आई थी। फोन पर बातचीत के इस ऑडियो में अतीक कथित तौर पर उसी जैद खालिद से बातचीत करता सुनाई पड़ रहा था जिसने उस पर जनवरी 2019 में देवरिया जेल ले जाकर पीटने का आरोप लगाया था। 6.03 मिनट के इस ऑडियो में दोनों के बीच देवरिया जेल प्रकरण के अलावा 200 वर्ग गज की किसी जमीन को लेकर भी बातचीत होती है। पुलिस अफसरों ने इस ऑडियो की जांच कराने की भी बात कही थी लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया।