वकीलों ने स्थगित की हड़ताल, आज से होगा न्यायिक कार्य
अधिवक्ता सुशील कुमार पटेल हत्याकांड के विरोध में न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर रहे वकीलों ने बृहस्पतिवार से हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया है। अधिवक्ता संघ ने बृहस्पतिवार से न्यायिक कार्य करने का निर्णय किया है। संघ ने पुलिस को चेतावनी दी है कि 72 घंटे के अन्दर यदि हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो अधिवक्ता एक जुलाई को आमसभा बुलाकर आगे की रणनीति पर विचार करेगा।
अधिवक्ता संघ के मंत्री मनोज सिंह लोकेश ने बताया कि संघ के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता सुशील कुमार पटेल की हत्या के विरोध में वकीलों द्वारा की जा रही हड़ताल स्थगित की जाती है। बृहस्पतिवार से अधिवक्ता न्यायिक कार्य करेंगे। संघ के अध्यक्ष ने कहा है कि हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस को 72 घंटे का समय दिया गया है। यदि तय समय में गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो एक जुलाई को आमसभा बुलाकर कर आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। अगर हत्यारों की गिरफ्तारी कर ली जाती है तो आमसभा बुलाने का प्रस्ताव रद्द समझा जाएगा।
जिला न्यायालय के अधिवक्ता रेेवती रमण त्रिपाठी सोहगौरा ने कुछ अधिवक्ताओं को गिरफ्तार किए जाने की निंदा की है और कहा है कि पुलिस वकीलों में फूट डालने का काम कर रही है। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस असली हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अधिवक्ता का कहना है कि जब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। उन्हाेंने अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष से आमसभा बुलाने की मांग की है।