हाईकोर्ट के 150 वें स्थापना दिवस समारोह के समापन अवसर पर दो अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ता बिना ड्रेस कोड और बिना पास के शामिल हो सकेंगे। उनको अपनी पहचाने बताने के लिए मात्र हाईकोर्ट बार से जारी परिचय पत्र साथ में रखना होगा। इतना ही नहीं इस बार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनको ड्रेस कोड यानी अधिवक्ता के ड्रेस में भी नहीं जाना होगा। वह कोई भी सामान्य ड्रेस या कोट-टाई पहनकर कार्यक्रम में शिरकत कर सकेंगे। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत कर रहे हैं।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव आशीष कुमार मिश्र के मुताबिक वकीलों को सीट का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। मुख्य पंडाल में स्थान कम होने की स्थिति में बिशप जॉनसन कालेज में टेलीविजन स्क्रीन पर भी कार्यक्रम देखा जा सकेगा। दोनों स्थानों पर वकीलों के लिए नाश्ते की व्यवस्था समान रहेगी। संयुक्त सचिव ने वकीलों से अपील की है जिनके पास परिचय पत्र नहीं है वह अविलंब हाईकोर्ट बार में संपर्क कर उसे बनवा लें ताकि आयोजन में शामिल होने में कोई परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि उद्घाटन समारोह 13 मार्च 2016 में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के कारण चुनिंदा वकीलों को पास जारी किया गया था जिससे बहुत से अधिवक्ता कार्यक्रम में सीधे शामिल हो पाने से वंचित रह गए थे।